पाकिस्तान के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे अफरीदी पर लगा दो साल का बैन, भ्रष्टाचार के लगे हैं आरोप
पाकिस्तान के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल रहे आसिफ अफरीदी को पीसीबी ने दो साल के लिए बैन कर दिया है। उन भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं।

पाकिस्तान के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने वाले 36 वर्षीय लेफ्ट आर्म स्पिनर आसिफ अफरीदी पर पीसीबी ने 2 साल का प्रतिबंध लगा दिया है। बताया जा रहा है कि आसिफ अफरीदी भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं, जिसकी वजह से उन पर यह प्रतिबंध लगा है। अफरीदी पर यह प्रतिबंध 22 सितंबर 2022 से लागू हो चुका है। उस वक्त पीसीबी ने अफरीदी को अस्थाई रूप से बैन किया था।
इंटरनेशनल डेब्यू नहीं कर पाए हैं आसिफ अफरीदी
बता दें कि पाकिस्तान के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर आसिफ अफरीदी ने अभी तक कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। हालांकि उन्हें राष्ट्रीय टीम में चुना जरूर गया था, लेकिन डेब्यू करने का अवसर नहीं मिला था। आसिफ अफरीदी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन उन्होंने सीरीज का एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। आसिफ अफरीदी 36 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम 118 विकेट हैं।
दो सजाएं एक साथ चलती रहेंगी
पीसीबी ने आसिफ अफरीदी को भ्रष्टाचार विरोधी संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है, जिसके लिए उन्हें दो साल का बैन और 6 महीने के बैन का सामना करना पड़ा है। अफरीदी की यह दोनों सजाएं साथ-साथ चलती रहेंगी। पीसीबी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि आसिफ को उनके पिछले ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर सजा में थोड़ी रियायत दी गई है। पीसीबी उनके मामले पर दयापूर्वक विचार भी करेगा। बता दें कि अफरीदी ने दावा किया है कि उन्होंने अनजाने में भ्रष्टाचार संहिता का उल्लंघन किया है।
भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस है हमारी पॉलिसी- PCB
पीसीबी के अध्यक्ष नजम सेठी ने कहा है, "पीसीबी को एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को दो साल के लिए निलंबित करने में कोई खुशी नहीं है, लेकिन हमारे पास इस तरह के अपराधों के प्रति जीरो-टॉलरेंस की पॉलिसी है।" "खेल के शासी निकाय के रूप में हमें उदाहरण बनाने की जरूरत है। हम ऐसे मामलों को मजबूती से संभालते हैं और सभी क्रिकेटरों को कड़ा संदेश देते हैं।" नजम सेठी ने आगे कहा है,"यह कड़वा सच है कि भ्रष्टाचार हमारे खेल के लिए खतरा है क्योंकि स्वार्थी भ्रष्टाचारी क्रिकेटरों को अलग-अलग तरीकों से लुभाते हैं। यही कारण है कि बोर्ड खिलाड़ियों को जागरूक करने की शिक्षा पर भारी निवेश कर रहा है ताकि वे सतर्क रहें और PCB की मदद कर सकें।"












Click it and Unblock the Notifications