Emerging Asia Cup 2023: भारत को 128 रन से हराकर चैंपियन बना पाकिस्तान, दूसरी बार जीता खिताब
Pakistan A vs India A, Final: भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच कोलंबो में इमर्जिंग एशिया कप 2023 का फाइनल मैच खेला गया। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को पाकिस्तान ए ने 128 रनों से जीत लिया है। भारतीय टीम 40 ओवर में 10 विकेट खोकर 224 रन पर सिमट गई।
तैयब ताहिर की तूफानी पारी के दम पर पाकिस्तान ने दर्ज की जीत
पाकिस्तान ए टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 352 रन बनाए। पाक की ओर से सबसे शानदार प्रदर्शन तैयब ताहिर (108) ने किया। दाएं हाथ के बल्लेबाज ताहिर ने 71 गेंदों में 12 चौके और चार छक्के की मदद से 108 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पाकिस्तान ने दूसरी बार जीता इमर्जिंग एशिया कप का खिताब
श्रीलंका में आयोजित फाइनल मुकाबले में रविवार को पाकिस्तान-ए क्रिकेट टीम ने भारत ए क्रिकेट टीम को 128 रन से हराकर दूसरी बार इमर्जिंग एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इससे पहले पाक टीम साल 2019 संस्करण में बांग्लादेश को हराकर विजेता बनी थी।
सईम अयूब और साहिबजादा फरहान ने भी जड़ा अर्धशतक
तैयब ताहिर के शतक (108) और सलामी बल्लेबाज सईम अयूब (59) और साहिबजादा फरहान (65) के अर्धशतकों के बाद पाकिस्तान ने भारत के सामने 353 रन का विशाल लक्ष्य रखा। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की पारी के अंत में काफी रन लुटाए, जिससे उन्हें एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद मिली।
अभिषेक शर्मा के अलावा कोई भी खिलाड़ी नहीं कर सका कमाल
पाकिस्तान ए के टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की बल्लेबाजी का बेहद ही खराब नजारा देखने को मिला। टीम इंडिया के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे अधिक 61 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सका। यही कारण है कि भारतीय टीम 40 ओवर में 10 विकेट खोकर केवल 224 रन पर सिमट गई।
भारत ए के गेंदबाजी विभाग की बात करें तो रियान पराग ने जरूर पाकिस्तान पर दबाव बनाने का काम किया। रियान ने 4 ओवरों में 24 रन देकर 2 विकेट झटक लिए इसके अलावा राजवर्धन हंगरगेकर ने भी 2 विकेट लिए, जबकि हार्षित राणा, मानव सुथार और निशांत सिंधु के खाते में एक-एक विकेट आया।

भारत ए प्लेइंग इलेवन
यश ढुल (कप्तान), बी साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा, निकिन जोस, रियान पराग, निशांत सिंधु, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), मानव सुथार, युवराजसिंह डोडिया, हर्षित राणा, राजवर्धन हंगरगेकर।
पाकिस्तान ए प्लेइंग इलेवन
मोहम्मद हारिस (कप्तान), सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, ओमैर यूसुफ, तैयब ताहिर, कासिम अकरम, मुबासिर खान, मेहरान मुमताज, मोहम्मद वसीम, अरशद इकबाल, सुफियान मुकीम।












Click it and Unblock the Notifications