1983 World Cup: जब कपिल देव के एक कैच ने पलटा मैच, वेस्टइंडीज के धुरंधरों पर भारी पड़े भारतीय शेर
IND vs WI, Final, Prudential World Cup, 1983: भारत ने आज ही के दिन पहला वर्ल्ड कप जीता था।
IND vs WI, Final, Prudential World Cup, 1983: भारतीय पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव की कप्तानी में टीम ने पहली बार 25 जून को वर्ल्ड के खिताब पर कब्जा जमाया था। आज से ठीक 40 साल पहले लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर लगातार 2 बार वर्ल्ड कप जीत चुकी वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने जीत दर्ज की। भारत की इस जीत से पूरी दुनिया हैरान रह गई थी।
कपिल देव के कैच ने बदला मैच: भारतीय टीम के लिए जीत हासिल करना आसान नहीं था। विवियन रिचर्ड्स 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे और वेस्टइंडीज ने 184 का पीछा करते हुए 50 के स्कोर पर सिर्फ एक ही विकेट गंवाया था। ऐसा लग रहा था वेस्टइंडीज आसानी से मैच जीत लेगा, लेकिन मदन लाल की गेंद पर कपिल देव ने पीछे की ओर दौड़ते हुए रिचर्ड्स का कैच पकड़ा और यहां से मैच पलट गया। इसके बाद वेस्टइंडीज की पारी पूरी तरह से बिखर गई और 140 पर पूरी टीम ऑल आउट हो गई।
किसी को नहीं थी उम्मीद: भारतीय टीम वर्ल्ड कप जीत जाएगी, इस बात की उम्मीद किसी को नहीं थी। भारत के सामने वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी दिखाई पड़ रहा था। लेकिन भारतीय गेंदबाजों की जबरदस्त बॉलिंग की बदौलत भारत ने इस मुकाबले को अपने नाम किया। भारत की इस जीत में कप्तान कपिल देव का भी बड़ा हाथ रहा था।

भारत ने हासिल की यादगार जीत: वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन बनाए थे। भारतीय टीम के स्कोर को देखकर ऐसा लग रहा था कि वेस्टइंडीज की टीम इस मुकाबले को आसानी से जीत जाएगी। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा होने नहीं दिया। भारत ने वेस्टइंडीज टीम को महज 140 रन पर ऑलआउट कर खिताब अपने नाम किया।
मदन लाल और मोहिंदर अमरनाथ का कमाल: फाइनल मैच में भारत की और से मदन लाल और मोहिंदर अमरनाथ ने तीन-तीन विकेट झटकने का काम किया था। इन दोनों की जबरदस्त गेंदबाजी के कारण ही भारत इस मुकाबले को आसानी से जीतने में सफल रहा। इस मैच में भारत के लिए कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका था। कृष्माचारी श्रीकांत ने टीम के लिए सबसे अधिक 38 रन बनाए थे।
वर्ल्ड कप फाइनल में भारतीय प्लेइंग इलेवन: सुनील गावस्कर, क्रिस श्रीकांत, मोहिंदर अमरनाथ, यशपाल शर्मा, संदीप पाटिल, कपिल देव (कप्तान), कीर्ति आजाद, रोजर बिन्नी, मदन लाल, सैयद किरमानी (विकेटकीपर), बलविंदर संधू।
वर्ल्ड कप फाइनल में वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: सर गॉर्डन ग्रीनिज, डेसमंड हेन्स, सर विव रिचर्ड्स, सर क्लाइव लॉयड (कप्तान), लैरी गोम्स, फौड बाचस, जेफ डुजॉन (विकेटकीपर), मैल्कम मार्शल, सर एंडी रॉबर्ट्स, जोएल गार्नर, माइकल होल्डिंग।












Click it and Unblock the Notifications