वर्ल्ड कप के लिए मोहम्मद कैफ ने चुनी टीम इंडिया की प्लेइंग XI, इस गेंदबाज को लेकर किया बड़ा दावा
ICC Men's Cricket World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से होने जा रहा है, फाइनल मैच 19 नवंबर को खेला जाएगा। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत आठ अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। इस बीच पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर अपनी राय दी है।
टीम इंडिया की जीत को लेकर कैफ ने किया बड़ा दावा
कैप ने सोमवार को कहा कि भारतीय टीम इस साल घरेलू मैदान पर विश्व कप जीतने की क्षमता रखती है और इसका आकलन वेस्टइंडीज में दो टी20 मैचों में मिली हार के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। भारत, कैरेबियन में दो टेस्ट मैचों की सीरीज और एकदिवसीय मैच जीतने के बाद, पांच मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से पीछे है।

पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि, 'भारत सिर्फ दो मैच (वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20) हारा है, इसलिए हमें ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है। मैं दो हार के बाद काफी नकारात्मक प्रतिक्रिया (Negative Reaction) देख रहा हूं, लेकिन मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि हमारी टीम बेहद प्रतिस्पर्धी है।'
उन्होंने कहा, 'मैं (वेस्टइंडीज में) दो लगातार हार के आधार पर (भारत का) मूल्यांकन नहीं कर रहा हूं। एकमात्र चीज यह है कि प्रमुख खिलाड़ी गायब हैं।' 'बुमराह का गायब होना सबसे बड़ा कारक है। अगर वह पूरी तरह से ठीक हो जाते हैं, और मैच फिटनेस हासिल कर लेते हैं, तो यह टीम इंडिया के लिए एक बड़ा लाभ होगा।'
कैफ ने कहा कि, 'अगर बुमराह पूरी तरह से फिट हैं, तो हमारे पास घरेलू मैदान पर विश्व कप जीतने का अच्छा मौका है।' 'बहुत से लोग चर्चा कर रहे हैं कि (मुख्य कोच) राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में (भारत) टीम (पिछले साल टी20) एशिया कप, ऑस्ट्रेलिया में (टी20) विश्व कप, इंग्लैंड में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (हाल ही में) हार गई।
कैफ ने बुमराह को लेकर किया बड़ा दावा
उन्होंने कहा कि, 'मेरा मानना है कि जैसे ही बुमराह पूरी तरह से फिट होकर लौटते हैं। वह भारतीय टीम के लिए 50 प्रतिशत मैच जीतते हैं। मुझे लगता है कि अगर बुमराह टीम में हैं और केएल राहुल और श्रेयस अय्यर जैसे कुछ अन्य लोग भी लौटते हैं, तो हमारे वे खिलाड़ी जो (विश्व कप) ट्रॉफी जीत सकते हैं।'
कैफ ने आगे कहा कि, 'श्रेयस अय्यर चोटिल हैं, केएल राहुल ठीक हो रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि वे सभी (विश्व कप के लिए समय पर) टीम में वापसी करेंगे। इसलिए ये सभी बातें (विश्व कप के लिए) नए खिलाड़ियों के टीम में आने की हैं, 'अय्यर, जब वह लौटेंगे, तो नंबर 4 पर खेलेंगे। आपके पास शुभमन गिल और कप्तान रोहित शर्मा (सलामी बल्लेबाज के रूप में), नंबर 3 पर आपके पास विराट कोहली हैं, नंबर 4 पर आपके पास श्रेयस अय्यर हैं, नंबर पांच पर आपके पास केएल राहुल हैं।'
'हार्दिक पंड्या छठे नंबर पर, रवींद्र जडेजा सात नंबर पर, अक्षर पटेल या शार्दुल ठाकुर पिच की स्थिति के आधार पर नंबर 8 पर खेलेंगे। नंबर 9 पर आपके पास कुलदीप यादव होंगे। वह उनका वनडे रिकॉर्ड अच्छा है और नंबर 10 और 11 पर आपके पास दो तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और बुमराह होंगे।
कैफ ने कहा, 'यहां तक कि सिराज को भी शायद एकादश में जगह नहीं मिलेगी। इसलिए, जब सिराज को समायोजित करना मुश्किल होगा, तो हम जिन नए खिलाड़ियों के बारे में बात कर रहे हैं, उन्हें इस विश्व कप में मौका नहीं मिल सकता है।' कैफ ने कहा कि उनका तर्क इस तथ्य पर आधारित था कि सीनियर्स को टीम में शामिल होने का पहला मौका मिलेगा और संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ियों को कुछ नए चेहरों से पहले मौका मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications