वर्ल्ड कप 2023 में हार के बाद भी भारत को हुआ हजारों करोड़ का फायदा, चौंका देगी ICC की ये रिपोर्ट
वनडे वर्ल्ड कप 2023 भारतीय क्रिकेट टीम के लिए शानदार रहा है। फाइनल में मिली हार को छोड़कर, रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने सभी को प्रभावित किया। मैदान के बाहर भी, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अब दावा किया है कि वनडे विश्व कप ने भारत को बड़े पैमाने पर प्रभावित किया है।
पर्यटक क्षेत्र को हुआ सबसे अधिक लाभ
दरअसल, एक रिपोर्ट में, ICC ने कहा कि भारत में 2023 के वनडे विश्व कप ने 1.39 बिलियन अमरीकी डॉलर (करीब 11.67 हजार करोड़) का 'आर्थिक लाभ' पैदा किया, जिसमें सबसे अधिक लाभ पर्यटक क्षेत्र को हुआ।

अब तक का सबसे बड़ा वनडे विश्व कप
नीलसन द्वारा ICC के लिए किए गए आर्थिक प्रभाव आकलन में दावा किया गया है कि पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में आयोजित यह मेगा इवेंट अब तक का सबसे बड़ा वनडे विश्व कप था। ICC के मुख्य कार्यकारी ज्योफ एलार्डिस ने एक बयान में कहा कि, 'ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 ने क्रिकेट की महत्वपूर्ण आर्थिक शक्ति का प्रदर्शन किया है, जिससे भारत को 1.39 बिलियन अमरीकी डॉलर (11,637 करोड़ रुपये) का आर्थिक लाभ हुआ है।'
861.4 मिलियन अमरीकी डॉलर का राजस्व सृजन
ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में भारत के अपराजित अभियान को समाप्त कर रिकॉर्ड छठी बार ट्रॉफी जीती। ICC के बयान में कहा गया है, 'मेजबान शहरों में पर्यटन के प्रभाव से 861.4 मिलियन अमरीकी डॉलर का राजस्व सृजन हुआ, जिसमें आवास, यात्रा, परिवहन और खाद्य एवं पेय पदार्थ शामिल हैं, क्योंकि मैचों में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की भारी आमद हुई।' हालांकि, आईसीसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि रिपोर्ट में बताई गई बड़ी राशि वास्तविक राजस्व है या नहीं।
आयोजन में रिकॉर्ड 1.25 मिलियन दर्शक शामिल हुए
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस बड़े आयोजन में रिकॉर्ड 1.25 मिलियन दर्शक शामिल हुए, जिनमें से लगभग 75 प्रतिशत पहली बार आईसीसी के 50 ओवर के मैच में शामिल हुए। 'करीब 55 प्रतिशत अंतर्राष्ट्रीय उत्तरदाता पहले भी नियमित रूप से भारत आ चुके थे, जबकि विश्व कप के कारण नए आगंतुकों की संख्या में वृद्धि के कारण 19 प्रतिशत अंतर्राष्ट्रीय उपस्थित लोगों ने पहली बार भारत का दौरा किया।
शासी निकाय के बयान में कहा गया कि, 'अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों ने अपने प्रवास के दौरान कई पर्यटन स्थलों का दौरा किया, जिससे 281.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर का आर्थिक प्रभाव पड़ा और लगभग 68 प्रतिशत अंतर्राष्ट्रीय उपस्थित लोगों ने कहा कि वे भविष्य में भारत को अपने मित्रों और परिवार के लिए पर्यटन स्थल के रूप में सुझाएंगे, जिससे भारत की वैश्विक छवि और बेहतर होगी।'
रिपोर्ट में कहा गया है कि टूर्नामेंट के आयोजन में प्रत्यक्ष भागीदारी के साथ-साथ आतिथ्य क्षेत्र के अन्य संगठनों द्वारा 48,000 से अधिक पूर्णकालिक और अंशकालिक नौकरियां पैदा की गईं।
ये भी पढ़िए- पैरालंपिक पदक विजेताओं पर भारत आते ही हुई धनवर्षा, जानें किसे-कितना मिला नकद पुरस्कार
आयोजन ने हजारों नौकरियों का सृजन किया
एलार्डिस ने कहा कि, 'इस आयोजन ने हजारों नौकरियों का सृजन किया और भारत को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में प्रदर्शित किया, जिससे यह साबित हुआ कि ICC के आयोजन न केवल फैंस को जुनूनी रूप से आकर्षित करते हैं, बल्कि हमारे मेजबान देशों की अर्थव्यवस्थाओं में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications