इन युवा क्रिकेटरों के लिए खुल गए दरवाजे, हरभजन सिंह ने बताए नाम

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका दाैरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा है। इस सीरीज में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे पूरी तरह से फ्लाॅप साबित हुए हैं। दोनों को बाहर करने की मांगे भी उठ रही हैं। यही नहीं ओपनिंग करते दिखे मयंक अग्रवाल भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं। ऐसे में पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह को लगता है कि कुछ युवा क्रिकेटर्स हैं जिनके लिए अब रास्ते खुल गए हैं।
हरभजन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए सबसे पहले मयंक के बारे में जिक्र किया। 41 साल के हरभजन का मानना है कि मयंक अग्रवाल ने भी शीर्ष क्रम में मिले अवसरों का फायदा नहीं उठाया। ऐसे में हरभजन को लगता है कि श्रीलंका के खिलाफ भारत के अगले टेस्ट असाइनमेंट के लिए पृथ्वी शॉ या शुभमन गिल को टीम में चुना जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मयंक अच्छे बल्लेबाज हैं, लेकिन फिलहाल बल्ले से रन नहीं बना पा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ना ऋषभ पंत, ना केएल राहुल, संजय मांजरेकर ने इसे चुना भारत का नया टेस्ट कप्तान

मयंक की जगह इन दो युवाओं को देखना चाहिए
हरभजन ने कहा, ''मयंक अग्रवाल को 6 पारियां खेलने का माैका मिला है, लेकिन उन्होंने रन नहीं बनाए हैं। और शायद यह एक संकेत है कि कोई नया खिलाड़ी आएगा। शुभमन गिल के रूप में नया ओपनर या फिर पृथ्वी शॉ। दोनों में से कोई एक अगली सीरीज में देखने को मिल सकता है क्योंकि एक खिलाड़ी के लिए छह पारियां काफी हैं। मयंक एक अच्छा खिलाड़ी है जिनको मैं बहुत सपोर्ट भी करता हूं कि उनमें दमखम है, लेकिन वह रन नहीं बना पा रहे हैं।, इसलिए मुझे नहीं पता कि यहां से उनके लिए आगे का रास्ता क्या होगा। लेकिन मुझे लगता है कि शुबमन गिया और पृथ्वी शाॅ को आगे के लिए देखना चाहिए।''

रहाणे और पुजारा के लिए रास्ता मुश्किल
इसके अलावा हरभजन ने यह भी कहा कि अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे ने भी रन नहीं बनाए हैं और आगे का रास्ता इन दोनों के लिए मुश्किल हो सकता है। हरभजन ने कहा कि सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर भी इंतजार कर रहे हैं। हरभजन ने कहा, ''यह बहुत चर्चित विषय रहा है कि इन दोनों को टीम में जगह मिलने चाहिए या नहीं। रहाणे और पुजारा ने जोहान्सबर्ग में 50 रनों की पारी खेली लेकिन सीनियर्स से उम्मीदें इससे होती हैं। पुजारा और रहाणे से ज्यादा उम्मीदें थीं, पर उनके बल्ले से उतने रन नहीं आए कि वो शायद अपनी जगह बचा पाए। मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि यहां से आगे का रास्ता उनके लिए मुश्किल होने वाला है।''

अय्यर और सूर्यकुमार के लिए खुला रास्ता
इसके अलावा हरभजन ने बताया कि पुजारा-रहाणे के फ्लाॅप चलने के कारण अय्यर और सूर्यकुमार के लिए रास्ता खुल गया है। सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी अपने मौके का इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है कि रहाणे-पुजारा के खराब प्रदर्शन के कारण अय्यर और सूर्यकुमार के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। " बता दें कि भारत की अगली टेस्ट सीरीज श्रीलंकाई टीम के खिलाफ होगी और 25 फरवरी 2022 से शुरू होगी। इस सीरीज में नया कप्तान देखने को मिलेगा, साथ ही नए खिलाड़ियों को माैका मिलने की भी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications