NZ vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ ODI सीरीज से पहले न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, कप्तान टॉम लैथम को किया बाहर
New Zealand vs Pakistan ODI Series: न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को पाकिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज टॉम लैथम दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह हेनरी निकोल्स को टीम में शामिल किया गया है, जबकि माइकल ब्रेसवेल अब टीम की कप्तानी संभालेंगे।
टॉम लैथम को नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान चोट लगी, जिसके बाद एक्स-रे में उनके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने बताया कि उन्हें कम से कम चार हफ्तों तक प्लास्टर और रिहैब से गुजरना होगा, जिससे वे न सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज बल्कि आगामी मैचों से भी बाहर हो सकते हैं।

हेनरी निकोल्स की वापसी
लैथम की गैरमौजूदगी में टीम में हेनरी निकोल्स को शामिल किया गया है। 78 वनडे मैच खेल चुके निकोल्स हाल ही में चोट से उबरने के बाद जबरदस्त फॉर्म में लौटे हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में छह पारियों में पांच अर्द्धशतक जड़कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
विल यंग भी वनडे सीरीज से बाहर
सलामी बल्लेबाज विल यंग व्यक्तिगत कारणों से दूसरे और तीसरे वनडे में नहीं खेलेंगे। वे अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए अपनी पत्नी के साथ रहेंगे। यंग नेपियर में पहला मैच खेलेंगे, जिसके बाद उनकी जगह अनकैप्ड बल्लेबाज राइस मारिउ को टीम में शामिल किया जाएगा।
मुख्य कोच गैरी स्टीड का बयान
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच गैरी स्टीड ने टीम की मजबूती और अनुकूलन क्षमता पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि, 'हमें इस दौरे में फ्लेक्सिबल दिखाना पड़ा, क्योंकि कई खिलाड़ी अलग-अलग कारणों से उपलब्ध नहीं थे। इससे अन्य खिलाड़ियों को मौका मिलेगा। हेनरी निकोल्स और राइस मारिउ का टीम में स्वागत है। उन्होंने लैथम की गैरमौजूदगी को टीम के लिए झटका बताया। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 29 मार्च से वनडे सीरीज शुरू होगी।












Click it and Unblock the Notifications