गजब! क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ये करिश्मा, 3 सुपर ओवर के साथ बन गया वर्ल्ड रिकॉर्ड
Triple Super Over In One Match: नीदरलैंड और नेपाल के बीच खेले गए टी-20 मुकाबले में रोमांच का तड़का देखने को मिला। ग्लासगो में खेला गया यह टी-20 मुकाबला क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो गया। दरअसल, नीदरलैंड और नेपाल के बीच मुकाबला तीन सुपर ओवर तक चला। यह पुरुष क्रिकेट में पहली बार हुआ जब एक ही मैच में तीन सुपर ओवर खेले गए। मैच इतना रोमांचक था कि दर्शकों की उत्सुकता लगातार इसमें बनी रही।
क्रिकेट इतिहास का सबसे रोमांचक मैच (Triple Super Over In One Match)
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड ने बास डी लीडे (35 रन) और विक्रमजीत सिंह (30 रन) की मदद से 7 विकेट पर 152 रन बनाए। जवाब में नेपाल ने भी शानदार खेल दिखाया और आखिरी ओवर में नंदन यादव की सूझबूझ भरी बल्लेबाज़ी की बदौलत स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर खेला गया लेकिन सुपर ओवर भी टाई हो गया।

पहले सुपर ओवर में क्या हुआ
नेपाल ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कुशल भुर्टेल के दो छक्कों और एक चौके से 20 रन बनाए। लेकिन नीदरलैंड के माइकल लेविट और मैक्स ओ'डॉव ने भी बेहतरीन खेल दिखाया और मैच को दूसरे सुपर ओवर में पहुंचा दिया। नीदरलैंड के माइकल लेविट ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन करते हुए टीम को 20 के स्कोर तक पहुंचाकर मुकाबले को फिर से बराबरी पर ला दिया।
जानें दूसरे और तीसरे सुपर ओवर का हाल
इस बार नीदरलैंड ने 17 रन बनाए। नेपाल को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 7 रन चाहिए थे और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने शानदार छक्का लगाकर मुकाबले को तीसरे सुपर ओवर तक खींच दिया। इसके बाद तीसरा सुपर ओवर एकतरफा रहा। नीदरलैंड के जैक लॉयन-कैशेट ने दो विकेट लेकर नेपाल को 0 रन पर रोक दिया। इसके बाद माइकल लेविट ने पहली ही गेंद पर छक्का मारकर नीदरलैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
मैच के रहे ये पांच हीरो
माइकल लेविट: सभी सुपर ओवर में शानदार प्रदर्शन और तीसरे में विजयी छक्का।
जैक लॉयन-कैशेट: तीसरे सुपर ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रुख पलटा।
डैनियल डोरम: 3 विकेट लेकर मैच में नींव रखी।
संदीप लामिछाने: शानदार गेंदबाज़ी की लेकिन सुपर ओवर में असफल रहे।
नंदन यादव: आखिरी गेंद पर चौका मारकर मैच को टाई कराया।












Click it and Unblock the Notifications