भारतीय टीम के अहम खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान, वर्ल्ड में कहीं और जाकर खेलेंगे
मुरली विजय ने पिछले दिनों एक इंटरव्यू दिया था, उससे लग रहा था कि वह जल्दी ही संन्यास लेने की घोषणा कर सकते हैं और अब ऐसा ही हुआ है।

Murali Vijay Retirement: भारतीय टेस्ट टीम में बेहतरीन ओपनर रहे मुरली विजय पिछले काफी समय से टीम इंडिया में शामिल नहीं हो पाए थे। ऐसा लग रहा था कि वह अब शायद नहीं खेल पाएंगे। उनको भी शायद यह पता लग गया था, अब मुरली विजय ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए संन्यास की घोषणा कर दी है। मुरली विजय ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए विजय ने अपने संन्यास की जानकारी दी है।

अन्य जगह मौके तलाशेंगे विजय
विजय ने संन्यास भले ही लिया है लेकिन उन्होंने नए मौके तलाशने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मैं वर्ल्ड क्रिकेट में खुद को चुनौती देने का प्रयास करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि मैं समझता हूँ कि यह मेरे क्रिकेटिंग सफर का अगला कदम है। मैं इस नए अध्याय के साथ आगे बढ़ने जा रहा हूँ। मुरली विजय ने एक लम्बा नोट लिखते हुए अपने परिवार, फैन्स, टीम में खेलने वाले खिलाड़ियों और चेन्नई सुपरकिंग्स आदि का धन्यवाद किया।

मुरली विजय का करियर ऐसा रहा
मुरली विजय ने भारतीय टीम में टेस्ट क्रिकेट काफी शानदार खेला था। उन्होंने सबसे लम्बे प्रारूप में कुल 61 टेस्ट मैचों में मुरली विजय ने 3982 रन टीम इंडिया के लिए बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से कुल 12 शतक और 15 अर्धशतक आए। इसके अलावा वह टीम इंडिया के लिए वनडे क्रिकेट में भी खेले थे लेकिन सफल नहीं हो पाए, एकदिवसीय क्रिकेट में मुरली विजय ने 17 मुकाबलों में महज 339 रन बनाए। इस तरह वह इस प्रारूप में सफल नहीं हो पाए।

संन्यास का संकेत दिया था
हाल ही में मुरली विजय ने एक इंटरव्यू में कहा था कि भारत में उम्र एक अभिशाप की तरह है। थोड़ी ज्यादा उम्र होने के बाद मौके नहीं मिलते। उन्होंने बीसीसीआई की नीति पर भी सवाल खड़ा किया। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा था कि सहवाग की तरह मेरा समर्थन नहीं किया गया था। गौरतलब है कि मुरली विजय ने अंतिम बार साल 2018 में भारत के लिए खेला था, इसके बाद वह टीम से बाहर ही रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications