Mohammed Shami और मोहम्मद कैफ की बढ़ी मुश्किलें, EC से मिला नोटिस
Mohammed Shami, SIR Hearing: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जगह नहीं मिली है। विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल के लिए दमदार प्रदर्शन करने के बावजूद टीम चयन के दौरान उनके नाम को लेकर चर्चा भी नहीं की गई। साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में मोहम्मद शमी भारत के लिए हाईएस्ट विकेट टेकर रहे थे। लेकिन इसके बाद वह चोट के कारण टीम से बाहर हो गए।
मोहम्मद शमी की बढ़ी मुश्किलें (Mohammed Shami, SIR Hearing)
टीम से बाहर होने के बाद मोहम्मद शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ इन दिनों किन्हीं और कारणों की वजह से चर्चा में हैं। हालिया खबरों के अनुसार चुनाव आयोग की 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) प्रक्रिया के तहत दोनों भाइयों को सुनवाई के लिए बुलाया गया है। यह मामला उनके मतदाता पहचान पत्र (Voter ID) और निवास विवरण से जुड़ा है।

आखिर क्या है पूरा मामला?
मोहम्मद शमी और उनके भाई मोहम्मद कैफ उत्तर प्रदेश के अमरोहा के मूल निवासी हैं। लेकिन वर्षों पहले क्रिकेट में करियर बनाने के लिए वे कोलकाता शिफ्ट हो गए थे। वर्तमान में दोनों भाई बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और कोलकाता के स्थायी निवासी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके मतदाता गणना फॉर्म में कुछ तकनीकी खामियां पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि उनके फॉर्म में 'सेल्फ-मैपिंग' और परिवार के सदस्यों की सूची को लेकर कुछ विसंगतियां हैं, जिसकी स्पष्टता के लिए चुनाव आयोग ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
शमी को सुनवाई के लिए होना होगा पेश
यह सुनवाई कोलकाता में 9 से 11 जनवरी के बीच निर्धारित की गई है। मोहम्मद शमी कोलकाता नगर निगम (KMC) के वार्ड संख्या 93 के अंतर्गत 'रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र' में एक पंजीकृत मतदाता हैं। चूंकि वह वर्तमान में विजय हजारे ट्रॉफी में बंगाल की टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, ऐसे में उन्हें खेल के बीच से समय निकालकर 'सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी' (AERO) के सामने पेश होना होगा।
'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' है एक जरूरी प्रक्रिया
चुनाव आयोग समय-समय पर 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) चलाता है ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और त्रुटिहीन बनाया जा सके। जब किसी मतदाता के विवरण में कोई विसंगति दिखती है, तो उसे सत्यापन (Verification) के लिए बुलाया जाता है। शमी के मामले में संभवतः उनके उत्तर प्रदेश (जन्म स्थान) और पश्चिम बंगाल (वर्तमान निवास) के दस्तावेजों के मिलान में कुछ तकनीकी पेच फंसा है।












Click it and Unblock the Notifications