क्रिकेटर मोहम्मद शमी की बीजेपी में एंट्री? नितिन नवीन से मुलाक़ात के बाद यूपी में चुनाव लड़ने की अटकलें
Mohammed Shami: मोहम्मद शमी की पहचान अब तक भारतीय क्रिकेट के उन तेज गेंदबाजों में रही है, जिन्होंने अपनी गेंदबाजी से दुनिया के बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया। अब उनके अगले कदम को लेकर खेल के मैदान से बाहर चर्चा शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के अमरोहा से आने वाले शमी ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
इस घटनाक्रम में अमरोहा का नाम खास तौर पर चर्चा में है। ख़बरों के अनुसार शमी बीजेपी के टिकट पर अमरोहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि ये सभी अटकलें हैं, पार्टी की ओर से न तो उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई घोषणा हुई है और न ही शमी ने राजनीति में आने का ऐलान किया है।

बीजेपी में किस भूमिका की हो रही चर्चा?
शमी और नितिन नवीन की मुलाकात कराने में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली की भूमिका बताई गई है। यह भी दावा किया जा रहा है कि पार्टी उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चे में कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मुलाकात का उद्देश्य क्या था और क्या शमी ने बीजेपी में शामिल होने को लेकर कोई फैसला किया है। ऐसे में उनके राजनीतिक भविष्य पर अंतिम तस्वीर सामने आने का इंतजार करना होगा।
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद बदलेगा अगला पड़ाव?
शमी ने 6 नवंबर 2026 को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में सफेद जर्सी से जुड़ी यादों को हमेशा साथ रखने की बात कही थी। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अपने टेस्ट करियर को जिंदगी का बेहद खास हिस्सा बताया था।
टेस्ट क्रिकेट से विदाई और अब बीजेपी अध्यक्ष से मुलाकात, इन दोनों घटनाओं ने शमी के भविष्य को लेकर नई चर्चा पैदा कर दी है। शमी टेस्ट क्रिकेट से रिटायर हुए हैं लेकिन सफेद गेंद क्रिकेट और आईपीएल में अब भी एक्टिव हैं।


Click it and Unblock the Notifications
