पुजारा से क्लास ले रहा है पाकिस्तान का बड़ा क्रिकेटर, रोज कर रहा है बातें
नई दिल्ली। भारत के टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को खराब प्रदर्शन के कारण पिछले कुछ महीनों में टीम से जगह गंवानी पड़ी। फिलहाल पुजारा ने राष्ट्रीय टीम में वापसी करने के लिए काउंटी क्रिकेट का सहारा लिया, जहां वह शानदार टच में दिख रहे हैं। काउंटी चैंपियनशिप में ससेक्स के लिए खेलते हुए पुजारा ने दो शतक और दो ही दोहरे शतक की मदद से अब तक चार मैचों में 717 रन बना लिए हैं। पुजारा के साथ पाकिस्तान के नामी खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान भी खेल रहे हैं, लेकिन वह उतना अच्छा नहीं कर पा रहे। लिहाजा, वह पुजारा से क्लास लेते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- इस कारण प्लेऑफ में पहुंच पाई गुजरात, हार्दिक ने खिलाड़ियों को कही थी ये बात

उन्होंने मुझे कुछ बातें बताईं
रिजवान ने खुद खुलासा किया कि कैसे जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने पुजारा से कुछ सलाह ली। पाकिस्तान के क्रिकेटर ने यह भी कहा कि उन्होंने शरीर के करीब खेलने की तकनीक पर पुजारा से ज्ञान लिया। यह डरहम के खिलाफ ससेक्स के मैच में था, जहां पुजारा और रिजवान ने 154 रनों की मजबूत साझेदारी की। इस मैच में पुजारा ने 203 और रिजवान 79 रन बनाए। 79 रन बनाने से पहले रिजवान ने तीन पारियों में 22, 0 और 4 के स्कोर बनाए थे।
रिजवान ने क्रिकविक को बताया, "मैं जल्दी आउट हो रहा था, इसको लेकर मैं पुजारा के साथ बातचीत की। उन्होंने मुझे कुछ बातें बताईं और उनमें से एक थी शरीर के करीब खेलना और जैसा कि सभी जानते हैं, हम पिछले कुछ सालों से लगातार सीमित ओवरों का क्रिकेट खेल रहे हैं और अपने शरीर से थोड़ा दूर खेलते हैं। सफेद गेंद में, आप अपने शरीर के बहुत करीब नहीं खेलते हैं क्योंकि गेंद उतनी स्विंग या सीम नहीं करती है।"

पुजारा से मिली ये सलाह
उन्होंने कहा, "यहां पर भी मैं शरीर से दूर खेला और इस वजह से दो बार आउट हुआ। फिर मैं नेट्स में पुजारा भाई से मिलने गया और मुझे याद है कि उन्होंने कहा था कि जब हम एशिया में खेलते हैं तो हम गेंद को ड्राइव खेलने के लिए मजबूर करते हैं। यहां हमें ऐसा करने की जरूरत नहीं है और हमें शरीर के करीब खेलने की जरूरत है। मैंने लगातार सफेद गेंद वाली क्रिकेट खेली है। तो, ये वो बातें हैं जो उसने मुझे बताईं।"

करते हैं खूब बातें
इसके अलावा रिजवान ने कहा कि वह पुजारा से खूब बाते करतें हैं। भारत-पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर हुए सवाल पर उन्होंने कहा, ''जहां तक मेरा और पुजारा का सवाल है तो हमारे लिए कुछ भी अजीब नहीं है। पुजारा का भी यही जवाब होगा। मैं उनके साथ खूब बातें करता हूं। उन्हें परेशान भी करता हूं। यह टीम का हर सदस्य जानता है। पुजारा बहुत अच्छे इंसान हैं।''












Click it and Unblock the Notifications