'अगर CSK नहीं करता ये गलती तो आसानी से प्लेऑफ में पहुंच जाता', कैफ ने चेन्नई को सुनाई जमकर खरी-खोटी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का आगाज अच्छा नहीं रहा जिसके चलते उसे लगातार 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, वहीं 11 मैचों में वो सिर्फ 4 ही जीत हासिल कर सकी है। सीएसके की टीम के लिये यह सीजन अच्छा नहीं रहने की सबसे बड़ी वजह उसका गेंदबाजी क्रम रहा जिसमें दीपक चाहर के न होने का खामियाजा भुगतना पड़ा। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ की फॉर्म भी शुरुआती मैचों में अच्छी नहीं रही और उसे लगातार 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा।

सीएसके की टीम को जब छठे मैच में पहली जीत मिली तो वहां पर गायकवाड़ ने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन उसके बाद फिर से वो जीत की राह से दूर हो गई। 8 मैचों के बाद रविंद्र जडेजा ने टीम की कमान छोड़कर धोनी को कप्तानी दे दी और माही के कमान संभालते ही उसने जीत की राह पर वापसी कर ली।

कॉन्वे ने किया शानदार प्रदर्शन
चेन्नई की टीम ने पिछले 3 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 में जीत हासिल की है जबकि एक में जीत की कगार पर पहुंच कर हार का सामना करना पड़ा है। सीएसके की टीम ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गये मैच में 91 रनों की जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को अभी भी बरकरार रखा है। चेन्नई के लिये इन उम्मीदों को बरकरार रखने में उसके सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे के प्रदर्शन ने अहम भूमिका निभाई है जिसने पिछले 3 मैचों में लगातार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को बड़ी शुरुआत दिलाई है।
Recommended Video

अपनी गलती पर पछता रही होगी चेन्नई
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली बड़ी जीत के बाद भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने सीएसके की रणनीति पर बात करते हुए उसकी सबसे बड़ी गलती पर बात की है और बताया है कि अगर वो ये गलती नहीं करती तो शायद आज प्लेऑफ की रेस में सबसे आगे होती। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के लिये डेवॉन कॉन्वे को फाफ डुप्लेसिस का रोल अदा करने के लिये नीलामी में खरीदा गया, जिसके बाद उन्हें पहले मैच में मौका भी दिया गया, हालांकि जब वो 3 रन बनाकर आउट हो गये तो उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया और फिर वो शादी के लिये वापस चले गये। शादी से वापस लौटने के बाद जब उन्हें प्लेइंग 11 में मौका दिया गया तो उन्होंने अगली 3 पारियों में लगातार अर्धशतक लगाकर 228 रन ठोंक दिये हैं।

एक गलती पर आप किसी को बाहर नहीं करते हैं
मैच के बाद स्पोर्टसकीड़ा से बात करते हुए मोहम्मद कैफ ने कहा कि सीएसके की टीम के लिये डेवोन कॉन्वे को प्लेइंग 11 से बाहर करना वो निर्णय रहा है जिसको लेकर उसे काफी पछतावा होगा और अगर वो ऐसा नहीं करती तो प्लेऑफ में पहुंचने के उसके ज्यादा चांसेस होते।
उन्होंने कहा,'कॉन्वे को महज एक मैच के बाद टीम से बाहर कर दिया गया, लेकिन जिस तरह से वो बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखकर सीएसके की टीम अपनी गलती पर पछता रही होगी। उनके पास बहुत अच्छा खिलाड़ी था लेकिन उन्होंने उसका सही इस्तेमाल नहीं किया। कॉन्वे शानदार खिलाड़ी हैं और उनके पास हर तरह के शॉट हैं। वो 360 डिग्री कोण पर शॉट खेलते हैं और गेंदबाज नहीं जानते हैं कि वो अगला स्ट्रोक कौन सा खेलने वाले हैं।'

शानदार कप्तान हैं एमएस धोनी
कैफ ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिये धोनी के बतौर कप्तान वापसी की भी जमकर तारीफ की और कहा कि उनके वापस लौटते ही सीएसके ने 3 में से 2 मैचों में जीत हासिल की है और यह बताता है कि उनकी मौजूदगी कितनी जरूरी है।
उन्होंने कहा,'सीएसके के लिये धोनी बतौर कप्तान काफी अंतर पैदा करते हैं, जब वो टॉस के लिये बाहर आते हैं तो एक अलग तस्वीर नजर आती है। उनके पीछे फैन्स हमेशा खड़े रहते हैं। वह मैच शुरू होने से पहले मैच में एक प्रभाव छोड़ जाते हैं। सीएसके ने पहले चरण में उनकी कप्तानी को मिस किया, जबकि धोनी की वापसी के साथ ही टीम ने 3 में से 2 मैचों में जीत हासिल की। वो कप्तानी लेने के बाद से ही अलग कंट्रोल में नजर आये हैं।'












Click it and Unblock the Notifications