लीजिए फिर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया… NZ vs IRE टी20 मैच में ब्रेसवेल ने रच दिया इतिहास
इन दिनों न्यूजीलैंड की टीम आयरलैंड के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच बुधवार को 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया।
स्पोर्ट्स डेस्क, जुलाई 21: इन दिनों न्यूजीलैंड की टीम आयरलैंड के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच बुधवार को 3 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। दूसरे टी20 में कीवी ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल (Michael Bracewell) ने ऐसा कुछ कर दिखाया, जो आज तक इस फॉर्मेट में कोई खिलाड़ी नहीं कर सका था। दरअसल, ब्रेसवेल T20I क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 35वें और न्यूजीलैंड के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने।
ये भी पढ़ें- इस साल का सबसे रोमांचक मुकाबला... कीवी टीम के लिए 360 रन बचाना हुआ मुश्किल

हैट्रिक के साथ रच दिया इतिहास
आयरलैंड के खिलाफ यादगार हैट्रिक लेने के साथ ही माइकल ब्रेसवेल के नाम पर एक बड़ा कीर्तिमान भी स्थापित हो गया। दरअसल, ब्रेसवेल दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने अपने T20I करियर के पहले ही ओवर में हैट्रिक ली हो। जी हां, अपने करियर के पहले ही ओवर में हैट्रिक...
माइकल से पहले यूं तो कहने को 34 खिलाड़ी T20I में हैट्रिक ले चुके थे, लेकिन किसी ने भी ये कारनामा अपने करियर के पहले ही ओवर में नहीं किया था। अब ये वर्ल्ड रिकॉर्ड माइकल ब्रेसवेल के नाम पर दर्ज हो गया है।
Michael Bracewell can't Do anything Wrong
— ⚡ (@Visharad_KW22) July 20, 2022
Hat-trick in his First Over of T20 Internationals is just amazing and Unbelievable 🥵pic.twitter.com/nIPmvgCmjM

कुछ इस तरह से ली हैट्रिक
आयरिश टीम के सामने मैच जीतने के लिए 20 ओवरों में 180 रन का टारगेट था और 13वें ओवर तक टीम का स्कोर 86/7 था। मैच आयरलैंड के हाथों से निकल चुका था। ऐसे में 14वां ओवर डालने के लिए कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने गेंद ब्रेसवेल को थमाई। चलिए देखते हैं फिर ओवर में क्या-क्या हुआ...
- 13.1: ओवर की पहली गेंद पर बैरी मैकार्थी ने काउ कॉर्नर की दिशा में चौका लगाया।
- 13.2: दूसरी गेंद पर मैकार्थी ने डिप मिड विकेट पर सिंगल चुराया। अब स्ट्राइक पर मार्क अडायर थे।
- 13.3: तीसरी गेंद पर अडायर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में डिप मिड विकेट पर ग्लेन फिलिप्स को अपना कैच थमा बैठे।
- 13.4: चौथी गेंद पर बैरी मैकार्थी भी उसी तरह का शॉट खेलकर आउट हुए। उनका कैच भी फिलिप्स ने पकड़ा।
- 13.5: पांचवीं गेंद पर क्रेग यंग भी हवाई शॉट लगाने के चक्कर में थर्ड मैन पर खड़े ईश सोढ़ी को अपना कैच दे बैठे।

न्यूजीलैंड के लिए तीसरी हैट्रिक
न्यूजीलैंड के लिए इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट (हैट्रिक) लेने वाले माइकल ब्रेसवेल केवल तीसरे खिलाड़ी बने। कीवी टीम की ओर से सबसे पहले ये कारनामा पूर्व स्टार ऑलराउंडर जैकब ओरम ने किया था। ओरम ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ हैट्रिक ली थी। फिर टिम साउदी ने 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। अब इस लिस्ट में ब्रेसवेल का नाम भी जुड़ गया है।
न्यूजीलैंड के लिए T20I हैट्रिक लेने वाले खिलाड़ी
- जैकब ओरम vs श्रीलंका, 2009
- टिम साउदी vs पाकिस्तान, 2010
- माइकल ब्रेसवेल vs आयरलैंड, 2022

न्यूजीलैंड ने 88 रन से जीता मुकाबला
आयरलैंड की पूरी टीम 14वें ओवर में 91 रन के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई। टीम की ओर से मार्क अडायर (27) टॉप स्कोरर रहे। न्यूजीलैंड के लिए ब्रेसवेल के अलावा सोढ़ी ने भी 3 विकेट अपनी झोली में डाले। इससे पहले कीवी टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 179 रन का स्कोर बनाया था। विकेटकीपर डेन क्लीवर 55 गेंदों पर 78 रन बनाकर नाबाद रहे। ओपनर फिन एलन ने भी 20 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली। आयरलैंड के लिए क्रेग यंग और जोशुआ लिटिल के खाते में 2-2 विकेट आए।

बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। पहले टी20 में कीवी टीम ने मेजबान को 31 रन से हराया था। तीसरे टी20 मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा। जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज भी न्यूजीलैंड ने 3-0 से जीतकर अपने नाम की थी।












Click it and Unblock the Notifications