MI vs PBKS: मुंबई के बेबी एबी ने राहुल चाहर की उड़ाई धज्जियां, 5 गेंदों में ठोंक डाले 28 रन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 23वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया, जहां पर पंजाब किंग्स की टीम ने आखिरी ओवर के रोमांच मैच में 12 रनों से जीत हासिल कर मुंबई इंडियंस की टीम को इस सीजन पांचवी बार हराने का काम किया है। पंजाब किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रन बनाये, जिसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 186 रन ही बना सकी और मैच हार गई। मुंबई इंडियंस के लिये रनों का पीछा करते हुए रोहित शर्मा (28) और ईशान किशन (3) ने अपना विकेट जल्दी खो दिया लेकिन मुंबई के युवा बल्लेबाज ने पारी को संभाला और मुश्किल से बाहर निकाला।

साउथ अफ्रीका के 18 वर्षीय अनकैप्ड खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस जो कि बेबी एबी के नाम से भी मशहूर हैं इस मैच में अपना पहला आईपीएल अर्धशतक लगाने से महज एक रन से चूक गये। ब्रेविस ने अंडर 19 विश्वकप 2022 में साउथ अफ्रीका के लिये शानदार बल्लेबाजी करते हुए रनों की बारिश की थी जिसके बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने उन्हें नीलामी में अपने खेमे में शामिल किया।
और पढ़ें: IPL 2022: हार के चौके के बाद खुला जडेजा की कप्तानी का खाता, सीएसके को मिली पहली जीत

महज 25 गेंदों में ब्रेविस ने जड़े 49 रन
ब्रेविस ने मुंबई इंडियंस के तीसरे मैच में डेब्यू किया और कुछ अच्छी पारियां भी खेली लेकिन जब पंजाब किंग्स की टीम के खिलाफ वो बल्लेबाजी करने उतरे तो अपने विस्फोटक अंदाज से विपक्षी टीम के खेमे को हिला दिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 25 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्के की मदद से 49 रनों की पारी खेली। जिसमें से 29 रन उन्होंने राहुल चाहर के महज एक ओवर में ही हासिल कर लिये। ब्रेविस के इस विस्फोटक अंदाज ने फैन्स को इस तरह से खुश कर दिया कि विपक्षी टीम को टाइम आउट लेना पड़ा और मैदान पर रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर और कोच महेला जयवर्धने को आने पर मजबूर कर दिया।

पारी के 9वें ओवर में ब्रेविस ने जड़े लगातार 4 छक्के
मुंबई की पारी के 9वें ओवर में राहुल चाहर गेंदबाजी करने आये थे, जिनकी पहली गेंद पर तिलक वर्मा ने एक रन लिया जिसके बाद ब्रेविस का कहर शुरू हो गया। बेबी एबी के नाम से मशहूर डेवाल्ड ब्रेविस ने राहुल चाहर की की पहली ही गेंद पर चौका लगाया, जिसके बाद उन्होंने अगली 4 गेंदों में लगातार 4 छक्के लगाकर चाहर की गेंदबाजी की धज्जियां उधेड़ दी। राहुल चाहर के एक ओवर में मुंबई इंडियंस की टीम ने 29 रन बटोरे। ब्रेविस की इस आतिशी पारी के बाद ही पंजाब किंग्स के लिये टाइम आउट हुआ और मैदान पर मुंबई इंडियंस का सपोर्ट स्टाफ उनसे बात करता हुआ नजर आया।
ब्रेविस की पारी से खुश हुआ मुंबई का सपोर्ट स्टाफ
मैदान पर सचिन तेंदुलकर, महेला जयवर्धने, रॉबिन सिंह और कप्तान रोहित शर्मा टाइम आउट के दौरान डेवाल्ड ब्रेविस के साथ बात करते नजर आये और उनके चेहरे पर मुस्कुराहट बता रही थी कि वो उनकी बल्लेबाजी से कितना खुश हैं। हालांकि मुंबई का यह बल्लेबाज ओडिन स्मिथ की गेंद पर आउट होकर वापस चला गया और आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले विदेशी क्रिकेटर का रिकॉर्ड अपने नाम करने से महज एक रन से चूक गये। ब्रेविस का विकेट 11वें ओवर में आया जो पंजाब किंग्स के लिये टर्निंग प्वाइंग साबित हुआ।

दो रन आउट ने बदला मैच का नतीजा
पंजाब किंग्स की टीम यहां से दबाव बनाने में कामयाब रही और तिलक वर्मा और कायरन पोलार्ड के दो अहम रन आउट कर अपनी टीम की वापसी कराने में कामयाब रही। सूर्यकुमार यादव ने इस दौरान 30 गेंदों में 43 रनों की पारी खेली लेकिन 5 बार की खिताबी चैम्पियन मुंबई इंडियंस के लगातार 5 मैचों में हार के सिलसिले को रोकने में नाकाम रही। अंत में पंजाब किंग्स की टीम ने 12 रनों से मैच को जीत लिया। ओडिन स्मिथ के आखिरी ओवर में मुंबई इंडियंस की टीम को जीत के लिये 19 रनों की दरकार थी लेकिन 3 विकेट खोने की वजह से वो जीत नहीं हासिल कर सके।












Click it and Unblock the Notifications