IPL 2022: हार के चौके के बाद खुला जडेजा की कप्तानी का खाता, सीएसके को मिली पहली जीत
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 22वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच खेला गया, जहां पर काफी उतार चढ़ाव के बाद आखिरकार सीएसके की टीम के लिये जीत का खाता खुल गया है। आईपीएल 2022 में चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे रविंद्र जडेजा के लिये शुरुआत अच्छी नहीं रही और लगातार 4 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद आरसीबी की टीम के खिलाफ आखिरकार पहली जीत मिल गई है। हालांकि इस जीत के बावजूद सीएसके की टीम के पास सोचने के लिये कई सारी चीजें रह गई हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवम दुबे (95) और रॉबिन उथप्पा (88) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में आरसीबी की टीम 9 विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी और 23 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: IPL में पहले शतक से चूके शिवम दुबे, 206 की स्ट्राइक रेट से रन बना लगाई रिकॉर्डस की झड़ी

50 रनों पर ही आरसीबी ने खो दिये थे 4 विकेट
217 रनों का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पावरप्ले के अंदर 3 विकेट खो दिये। आरसीबी के लिये कप्तान फाफ डुप्लेसिस (8) का बल्ला नहीं चला और वो महीश तीक्ष्णा का शिकार बनें तो वहीं पर मुकेश चौधरी ने विराट कोहली को वापस पवेलियन भेजा। महीश तीक्ष्णा ने शानदार गेंदबाजी को जारी रखा और पावरप्ले की आखिरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज अनुज रावत (12) को वापस पवेलियन भेज दिया। आरसीबी के लिये ग्लेन मैक्सवेल (26) ने 2 चौके 2 छक्के लगाकर वापसी कराने की कोशिश की लेकिन रविंद्र जडेजा ने 7वीं बार उनका शिकार कर वापस पवेलियन भेज दिया। इसके चलते आरसीबी की टीम ने महज 50 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये थे।

युवा खिलाड़ियों ने संभाली पारी
यहां से डेब्यू कर रहे सुयश प्रभुदेसाई (34) और शाहबाज अहमद (41) ने आरसीबी के लिये पारी संभालते हुए पांचवे विकेट के लिये 60 रनों की साझेदारी कर डाली। सुयश ने 18 गेंदों का सामना कर 5 चौके और एक छक्के लगाकर 34 रनों की पारी खेली लेकिन तीक्ष्णा ने उन्हें भी बोल्ड मारकर वापस पवेलियन भेज दिया। 23 रन बाद शाहबाज अहमद (41) भी तीक्ष्णा की गेंद पर बोल्ड होकर वापस पवेलियन लौटे। यहां से आरसीबी के लिये दिनेश कार्तिक ने 14 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 34 रनों की पारी खेलकर रनों के अंतर को कम किया, हालांकि ब्रावो ने उनका विकेट लेकर आरसीबी की उम्मीद को पूरी तरह से खत्म कर दिया।

स्पिनर्स ने सीएसके को दिलाई पहली जीत
सीएसके के लिये इस मैच में महीश तीक्ष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर्स में 33 रन दिये और 4 विकेट अपने नाम किये। तो वहीं पर रविंद्र जडेजा ने भी 4 ओवर्स में 39 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये। मुकेश चौधरी और ड्वेन ब्रावो ने भी इस दौरान एक-एक विकेट चटकाया। सीएसके की टीम ने जिस तरह से गेंदबाजी में शुरुआत की थी उसके बावजूद आरसीबी ने जितने रन बना लिये उसे देखकर अपनी गेंदबाजी के बारे में उसे आगे चलते हुए सोचते रहना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications