MI vs CSK: 43 साल के धोनी ने कराया 17 साल के खिलाड़ी का IPL डेब्यू, जानिए कौन है यह युवा प्लेयर
MI vs CSK: मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में एक नए खिलाड़ी का डेब्यू देखने को मिला है। महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस के समय अपनी टीम में हुए बदलाव के बारे में बताया। धोनी ने अपनी टीम में 17 साल के एक प्लेयर को खिलाने की बात कही।
कयास पहले से ही लग रहे थे कि 17 साल के आयुष म्हात्रे को चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। महेंद्र सिंह धोनी युवा प्लेयर्स को मौका देने के लिए जाने जाते हैं। इस बार भी उन्होंने कुछ वही करते हुए म्हात्रे का डेब्यू करा दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इस बारे में जानकारी प्रदान करते हुए बताया गया कि आयुष म्हात्रे पहली बार नीली जर्सी में खेल रहे हैं। फैन्स भी उनके डेब्यू मैच को लेकर ख़ासा उत्साहित दिखाई दिए। मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।
घरेलू क्रिकेट में आयुष मुंबई का प्रतिनिधित्व करते हैं और दाएं हाथ से बैटिंग करते हैं। आयुष ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट भी खेला है। उनके नाम 9 मैचों में 504 रन हैं। उन्होंने 2 शतक और 1 अर्धशतक जमाया है। लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 7 मैचों में 458 रन बनाए हैं। वहां 181 के बेस्ट स्कोर के साथ 2 शतक और 1 फिफ्टी जड़ी।
टॉस पर महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि हम जीतते तो फील्डिंग का फैसला ही लेते क्योंकि बाद में ओस का प्रभाव रहता है। हमें बोल्ड क्रिकेट खेलना होगा लेकिन बल्लेबाजों को यह सोचना होगा कि हमारी स्ट्रेंथ क्या है। यही काम गेंदबाजों को भी करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन पहला ही मुकाबला चेपॉक में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। उस मैच में मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा था। इस सीजन चेन्नई और मुंबई दोनों ही टीमों का प्रदर्शन निराश करने वाला रहा है।












Click it and Unblock the Notifications