पेटीएम की जगह BCCI को मिला नया टाइटल स्पॉन्सर, ऑस्ट्रेलिया सीरीज से शुरू होगी साझेदारी
नई दिल्ली, जुलाई 26। इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले टीम इंडिया को नया टाइटल स्पॉन्सर मिल गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम की टाइटल स्पॉन्सरशिप अब पेटीएम की जगह मास्टरकार्ड को मिल गई है। पेटीएम ने बीसीसीआई के साथ समय से पहले ही अपनी डील को खत्म कर लिया, जिसके बाद बोर्ड ने मास्टरकार्ड को भारतीय टीम की नया टाइटल स्पॉन्सर बनाया है। अब भारत में होने वाले सभी घरेलू और इंटरनेशनल मैचों का टाइटल स्पॉन्सर मास्टरकार्ड ही होगा।

ऑस्ट्रेलिया सीरीज से शुरू होगी पार्टनरशिप
आपको बता दें कि मास्टरकार्ड की टाइटल स्पॉन्सरशिप में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर में होने वाली टी20 सीरीज से अपनी पार्टनरशिप की शुरुआत करेगी। वहीं इस सीरीज के बाद भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का आगाज 20 सितंबर से होगा, जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज 28 सितंबर से होगी। टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह टीम इंडिया के लिए आखिरी सीरीज होगी।
क्यों पेटीएम के साथ टूटी बीसीसीआई की डील
आपको बता दें कि पेटीएम ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से अपने अधिकार मास्टरकार्ड को देने का अनुरोध किया था, जिसे बीसीसीआई ने स्वीकार कर लिया। साल 2019 में बीसीसीआई ने पेटीएम के साथ टाइटल स्पॉन्सरशिप को चार साल के लिए आगे बढ़ाया था, तब एक मैच के लिए डील 3.80 करोड़ रुपये तय हुई थी, उससे पहले ये राशि 2.4 करोड़ रुपये थी, लेकिन 2022 में ही पेटीएम ने ये डील तोड़ दी।
ये भी पढ़ें: मंदी की मार Byjus पर भी पड़ी! BCCI का इस कंपनी पर है 86.21 करोड़ रुपए का है बकाया












Click it and Unblock the Notifications