सौरव गांगुली के लिए ममता बनर्जी ने पीएम मोदी से कर डाली ये अपील
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने जिस तरह से लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद के चुनाव से खुद को अलग कर लिया है उसको लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी सौरव गांगुली को जानबूझकर दूसरी बार अध्यक्ष नहीं बना रही है क्योंकि सौरव गांगुली ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से इनकार कर दिया। वहीं अब टीएमसी चीफ और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि आखिर बीसीसीआई ने सौरव गांगुली को दरकिनार क्यों किया। आखिर उन्हें क्यों नजरअंदाज किया जा रहा है। मैं सच में आश्चर्यचकित हूं। रिपोर्ट के अनुसार सौरव गांगुली अब बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पद की दावेदारी ठोकने जा रहे हैं।

ममता बनर्जी ने सौरव गांगुली का खुलकर समर्थन करते हुए कहा कि सौरव गांगुली को दूसरी बार बीसीसीआई का अध्यक्ष बनाना चाहिए। ममता ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करती हूं कि सौरव गांगुली को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का चुनाव लड़ने की अनुमति देनी चाहिए। मैं पीएम से अपील करती हूं कि सौरव गांगुली की आईसीसी का चुनाव लड़ने दिया जाए। आखिर क्यों उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। आखिर उनकी क्या गलती है। साथ ही ममता ने इस बात पर सवाल खड़ा किया कि क्यों सौरव को बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए दूसरी बार मौका नहीं दिया गया।
टीएमसी के चेयरमैन ने भी यह सवाल खड़ा किया है जब अमित शाह के बेटे बीसीसीआई के सचिव पद पर दोबारा चुने जा सकते हैं तो सौरव गांगुली क्यों नहीं। ममता ने कहा कि जिस तरह से सौरव गांगुली को हटाया गया है वह संतोषजनक नहीं है। मैं स्तब्ध हूं। सौरव गांगुली राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं, वह बंगाल का गर्व हैं, मैं केंद्र से अपील करती हूं कि उन्हें राजनीति का शिकार ना बनाया जाए। क्रिकेट के हित में फैसले लिए जाएं। बता दें कि सौरव गांगुली की जगह 1983 में विश्वकप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी बीसीसीआई के अगले अध्यक्ष बनने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications