151 दिन बाद नीली जर्सी में नजर आएगा ये खिलाड़ी, T20 WC टीम में जगह बनाने का बढ़िया मौका
वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को धूल चटाने के बाद भारतीय टीम अब टी20 सीरीज के लिए तैयार है।
स्पोर्ट्स डेस्क, जुलाई 28: वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को धूल चटाने के बाद भारतीय टीम अब टी20 सीरीज के लिए तैयार है। दोनों टीमों के बीच शुक्रवार, 29 जुलाई से 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए ये सीरीज टीम इंडिया के लिए बहुत अहम मानी जा रही है। टी20 सीरीज से टीम में चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) की भी वापसी होने जा रही है।
ये भी पढ़ें- 'गब्बर खुश हुआ', वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद युवा खिलाड़ियों के फैन बने Shikhar Dhawan

कुलदीप के लिए अहम सीरीज
कुलदीप यादव के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज बहुत अहम होने वाली है। पिछले साल खराब प्रदर्शन के चलते उनको टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। यादव को टेस्ट, वनडे और टी20 किसी भी टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया। कुलदीप की फॉर्म इतनी खराब थी कि उनको आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने भी टीम से ड्रॉप कर दिया था। लेकिन आईपीएल के 15वें सीजन में उन्होंने धमाकेदार वापसी कर सभी को हैरान कर दिया।

IPL में दिखाया दम
केकेआर से रिलीज किए जाने के बाद आईपीएल-15 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने कुलदीप को उनके बेस प्राइज 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। 27 वर्षीय स्पिनर ने भी फ्रेंचाइजी को निराश नहीं किया और 14 मैचों में 20 से भी कम की औसत से कुल 21 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका इकोनॉमी भी केवल 8.44 का रहा। पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन काफी बेहतरीन था।

टीम में हुई थी वापसी, लेकिन...
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम इंडिया में कुलदीप यादव की वापसी भी हुई थी। साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए उनको टीम का हिस्सा बनाया गया था। हालांकि, सीरीज के शुरू होने से ठीक एक दिन पहले कुलदीप नेट्स पर बैटिंग का अभ्यास करते हुए चोटिल हो गए। जिसके चलते उनको पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा। अब चयनकर्ताओं ने उनको एक और मौका दिया है। युजवेंद्र चहल को टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है, ऐसे में कुलदीप के पास खुद को साबित करने का शानदार अवसर होगा।

फरवरी में खेला था आखिरी मैच
कुलदीप यादव ने भारत के लिए अपना आखिरी मैच इसी साल फरवरी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 फरवरी को खेला था। अब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ ही पूरे 151 दिन के बाद प्लेइंग इलेवन में कमबैक करेंगे। T20I क्रिकेट में अनुभवी स्पिनर ने 24 मैचों में 14.76 की लाजवाब औसत से कुल 41 विकेट चटकाए हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 मैचों में उनके नाम पर 8 विकेट दर्ज है।

कुलदीप के लिए वर्ल्ड कप का सवाल
इस साल ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर टी20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा। पिछले साल विश्व कप की टीम में उनको टीम इंडिया में कोई जगह नहीं मिली थी और टीम का प्रदर्शन भी बहुत ही खराब रहा था। इस बार कुलदीप अपनी फिटनेस और शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप का टिकट कटाना चाहेंगा। ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर कुलदीप ने 3 टी20 मैचों में 4 विकेट लिए हैं।
वर्ल्ड कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से करेगा। ये महा मुकाबला 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications