इस चमत्कार को नमस्कार! एक ही ओवर में गिरे 6 विकेट, गेंदबाज के साथ-साथ खुशी से झूम उठे सभी खिलाड़ी
6 wickets in an over: लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी एक टीम के बल्लेबाजों पर पहला ही ओवर आफत बनकर टूट पड़ा। पहले ही ओवर में इस टीम ने अपने छह बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया।
6 wickets in an over: क्रिकेट के खेल में कब क्या हो जाये यह कहना बड़ा मुश्किल काम है। शायद तभी इस गेम को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है। क्रिकेट इतिहास में कई ऐसी घटनाएं अब तक देखने को मिल चुकी है जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई। युवराज सिंह द्वारा अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में एक ओवर में लगातार 6 छक्के से लेकर हाल ही में ऋतुराज गायकवाड़ के एक ओवर में 7 छक्के जड़ने तक सभी रिकॉर्ड इतिहास में दर्ज है।

लोकल मैच में देखने को मिला बड़ा कारनामा
इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक किसी भी गेंदबाज द्वारा एक ओवर के सभी गेंदों पर विकेट लेने का रिकॉर्ड नहीं है। लेकिन लोकल टूर्नामेंट में यह कई बार देखने को मिल चुका है। हाल ही में महाराष्ट्र में टेनिस बॉल के एक टूर्नामेंट में कुछ ऐसा ही देखने को मिला। यहां पारी के पहले ही ओवर में गेंदबाज ने विरोधी टीम के छह बल्लेबाजों को आउट करने का काम किया।
एक ही ओवर में गिरे 6 विकेट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक लक्ष्मण नाम के गेंदबाज ने एक ही ओवर में छह गेंदों पर छह विकेट लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। डोंड्राचापडा और गावदेवी पेठ के बीच खेले गए इस मुकाबले में डोंड्राचापडा को जीत के लिए 43 रनों की जरूरत थी। लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी डोंड्राचापडा की टीम ने पहले ही ओवर में लगातार छह विकेट गंवा दिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो
इस मैच के पहले ओवर का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। फैंस लगातार इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। क्रिकेट फैंस पूरी दुनिया में बड़ी तादाद में हैं, ऐसे में अगर किसी खिलाड़ी का इस तरह का प्रदर्शन सामने आता है तो वह तुरंत ही चर्चा में बन जाता है। फिलहाल मीडिया में गेंदबाज लक्ष्मण को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन ऐसा कर उन्होंने सुर्खियां जरूर बटोर ली है।












Click it and Unblock the Notifications