2011 में डेब्यू करने वाले भारतीय स्पिनर ने लिया संन्यास, रेव पार्टी से खराब हुआ था नाम
भारतीय लेग स्पिनर राहुल शर्मा (Rahul Sharma) ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में भाग लेने के लिए इंटरनेशनल और आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
नई दिल्ली, 28 अगस्त: भारतीय लेग स्पिनर राहुल शर्मा (Rahul Sharma) ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में भाग लेने के लिए इंटरनेशनल और आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 35 वर्षीय राहुल ने टीम इंडिया ने 4 वनडे और दो टी20 मैच खेले। 2011 में भारत के लिए पहला मुकाबला खेलने वाले लेग स्पिनर ने अपने संन्यास का ऐलान ट्विटर पर एक इमोशनल लेटर पोस्ट कर किया।

सचिन ने दिया दूसरा चांस
राहुल ने ट्विटर पर पोस्ट कर लिखा, "मैं अपने करियर के महत्वपूर्ण मौकों पर कई सालों तक चोट के चलते काफी निराश था। मैंने नेशनल क्रिकेट अकादमी कड़ी मेहनत की, लेकिन मौके आसानी से कभी नहीं पहुंचे। सचिन तेंदुलकर जानते थे कि मैं फिर से प्रोफेशनल क्रिकेट खेलना चाहता था, इसलिए उन्होंने मुझे रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज में खेलने का यह मौका दिया। मैंने इस लीग के साथ अपनी दूसरी पारी शुरू करने का फैसला किया है।''
Thanks to all for ur love and support throughout my journey 😊❤️🇮🇳 @BCCI @BCCIdomestic @IPL #retirement pic.twitter.com/anqBGUSwoa
— Rahul Sharma (@ImRahulSharma3) August 28, 2022

कुंबले से होती थी तुलना
राहुल शर्मा ने 8 दिसंबर 2011 को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। 50 ओवर फॉर्मेट में उन्होंने 4 मैच खेले और 29.5 की औसत से 6 विकेट लेने में सफल रहे। 1 फरवरी 2012 को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनको टी20 डेब्यू का मौका मिला और उन्होंने भारत के लिए 2 टी20 मैचों में 3 विकेट झटके। राहुल के बॉलिंग एक्शन की तुलना पूर्व भारतीय टेस्ट कप्तान अनिल कुंबले से होती थी।

रेव पार्टी से खराब हुआ था नाम
पंजाब के स्पिनर को भारतीय टीम के फ्यूचर के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन आईपीएल 2012 के दौरान मुंबई में हुई एक रेव पार्टी में उनका नाम सामने आने के बाद वो विवादों का हिस्सा बन गए। हालांकि, इससे उबरने के बाद उन्होंने 2014 में वापसी की, लेकिन लगातार चोटिल होने के चलते उनका करियर आगे नहीं बढ़ पाया।
आईपीएल में राहुल ने 44 मैचों में 40 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका इकोनॉमी केवल 7 का रहा। 2011 के सीजन में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को आउट कर काफी सुर्खियां बटोरी थी।












Click it and Unblock the Notifications