सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ क्या होगी भारत की प्लानिंग? स्टार क्रिकेटर ने किया बड़ा खुलासा
ICC ODI World Cup 2023: भारत की मेजबानी में खेला जा रहा वनडे वर्ल्ड कप अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, क्योंकि लीग फेज के सभी मुकाबले खत्म हो चुके हैं। टूर्नामेंट में अब सिर्फ तीन मैच ही बाकी हैं, जिनमें दो सेमीफाइनल और एक फाइनल है। इस बीच न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल से पहले भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने तैयारी को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
कुलदीप यादव ने रविवार को कहा कि वानखेड़े गेंदबाजों के लिए एक मुश्किल स्थान बना हुआ है, और मेजबान टीम को कीवी टीम पर हावी होने के लिए शुरुआती विकेटों की आवश्यकता होगी। बुधवार को मुंबई में आखिरी चार मैचों में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा।

उन्होंने कहा कि, 'वानखेड़े में गेंदबाजी करना मुश्किल है। उछाल सही है और बल्लेबाज अक्सर वहां हावी रहते हैं।' टी20 के विपरीत यहां निश्चित रूप से गेंदबाजों के पास खेल में वापसी करने का समय होता है, लेकिन मैच और विरोधियों पर हावी होने के लिए आपको कुछ शुरुआती विकेटों की जरूरत होगी।'
कुलदीप यादव ने आगे कहा कि, '2019 का सेमीफाइनल (न्यूजीलैंड के खिलाफ) चार साल पहले हुआ था। हमने उसके बाद कई द्विपक्षीय श्रृंखलाएं खेली हैं, इसलिए हम (भारत में) परिस्थितियों को जानते हैं और वे भी। हमारी तैयारी अच्छी रही है और हम पूरे टूर्नामेंट में अच्छी क्रिकेट खेलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि, 'इसलिए हमें अगले मैच में भी इसी लय में रहने की उम्मीद है।'
कुलदीप ने नौ मैचों में 4.15 की बेहतरीन इकोनॉमी रेट से 14 विकेट लेकर भारत के स्पिन विभाग में अहम भूमिका निभाई है। नॉकआउट मैच के दबाव को कम करते हुए कुलदीप ने कहा कि उनका ध्यान अपनी स्ट्रेंथ पर काम करने पर होगा।
उन्होंने कहा कि, 'मैं सिर्फ अपनी लय और स्ट्रेंथ पर काम करता हूं। साथ ही इस पर ध्यान केंद्रित करता हूं कि बल्लेबाज मुझे कैसे खेलने की कोशिश कर रहे हैं। मेरा लक्ष्य जितना संभव हो सके गेंद को गुड लेंथ क्षेत्र पर फेंकना है।' उन्होंने कहा कि, 'मैं विकेटों के बजाय सिर्फ प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करता हूं। उम्मीद है कि यह अगले मैच में भी काम करेगा।'












Click it and Unblock the Notifications