IND vs NZ: मुंबई के मैदान पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड धांसू, न्यूजीलैंड के खिलाफ होगी सम्मान की लड़ाई
India vs New Zealand, 3rd Test: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए तैयार है। यह मुकाबला 1 नवंबर को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेला जाएगा। लगातार दो हार झेलने के बाद भारतीय टीम की नजरें इस मैच को जीतने पर होगी। पहले मुकाबले में 8 विकेट से हार और दूसरे में 113 रन से हार के बाद भारत क्लीन स्वीप से बचने के लिए दबाव में है।
मुंबई में शानदार रहा है रिकॉर्ड
भारतीय टीम को अपने घर पर मिली हार ने टीम के लिए एक चेतावनी के रूप में काम किया है। अपने सम्मान को बचाने के लिए भारत को हर हाल में तीसरा मैच जीतना होगा। मुंबई का मैदान टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए एक किला रहा है। यहां खेले गए 26 टेस्ट मैचों में से भारत ने 12 में जीत दर्ज की है, जबकि केवल 7 में हार मिली है और 7 मैच ड्रॉ रहे हैं।

इस मैदान पर भारत का रहा है दबदबा
यह दमदार रिकॉर्ड इस मैदान पर भारत के दबदबे को दिखाता है, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ़ होने वाले मैच में जीत की उम्मीद है। आंकड़े घरेलू टीम के पक्ष में हैं, लेकिन इस सीरीज में अब तक न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम का मुंबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ़ शानार ट्रैक रिकॉर्ड है, इस मैदान पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ़ खेले गए 3 में से 2 टेस्ट मैच जीते हैं।
भारत को होगी जीत की उम्मीद
तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण है। टीम का नेतृत्व कप्तान रोहित शर्मा कर रहे हैं। टीम में जसप्रीत बुमराह, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं, साथ ही यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल जैसे होनहार खिलाड़ी भी हैं। अनुभवी और नए खिलाड़ियों का यह मिश्रण एक मजबूत लाइनअप बनाता है, जिसका लक्ष्य सीरीज के मौजूदा रुख को पलटना है।
बल्लेबाजों ने किया निराश
भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप अब तक सीरीज में लड़खड़ाई नजर आई है। सीरीज के पहले मैच में भारत मात्र 46 रन पर आउट हो गया था, जिससे उसे 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे टेस्ट में भी बल्लेबाजी की समस्या फिर से सामने आई, जिसका अंत 113 रन की हार के साथ हुआ। यह सीरीज 12 साल में भारत की घरेलू मैदान पर पहली टेस्ट सीरीज हार है, पिछली हार 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ थी।












Click it and Unblock the Notifications