'किसी भी प्लेयर को बुरे दौर से गुजरना पड़ता है जब सरेआम..', गोयनका को लेकर आखिरकार राहुल ने तोड़ी चुप्पी
KL Rahul takes swipe at Sanjiv Goenka: केएल राहुल और संजीव गोयनका के बीच विवाद के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ राहुल के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई है। यह विवाद आईपीएल 2024 के समय हुआ था। सनराइजर्स हैदराबाद से लखनऊ की 10 विकेट से हार के बाद से यह सिलसिला शुरू हुआ। हैदराबाद द्वारा मात्र 9.4 ओवर में 166 रन का पीछा करने के बाद टीम के ओनर संजीव गोयनका बेहद गुस्से में नजर आए थे।
खिलाड़ियों ने की जमकर आलोचना
इस घटना की पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों ने जमकर आलोचना की थी। हालांकि, मामला बढ़ने के बाद राहुल और गोयनका एक साथ डिनर करते नजर आए। आईपीएल 2024 के दौरान लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान पर काफ़ी संघर्ष करती नज़र आई। केएल राहुल बल्ले से भी टीम के लिए कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके।

केएल राहुल हो सकते हैं बाहर
केएल राहुल की कप्तानी में लखनऊ की टीम पहले दो बार प्लेऑफ में पहुंची थी, लेकिन आईपीएल 2024 में ऐसा नहीं हो सका। राहुल और गोयनका के बीच सार्वजनिक विवाद के बाद ऐसी अटकलें हैं कि टीम आईपीएल 2025 के लिए राहुल को रिलीज कर सकती है। रिपोर्ट्स बताती हैं कि आरसीबी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी रखती है।
केएल राहुल ने कही ये बात
राहुल हाल ही में निखिल कामथ के पॉडकास्ट में कृति सनोन और बादशाह के साथ दिखाई दिए। इस दौरान राहुल ने गोयनका वाले मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा कि आईपीएल में टीम के मालिक बिजनेस बैकग्राउंड से आते हैं। टीम के खिलाड़ियों को चुनने के लिए उनके द्वारा पूरी रिसर्च की जाती है। लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि आप हर मैच जीतेंगे। आप आंकड़ों के हिसाब से बेहतरीन खिलाड़ियों का चयन करते हैं लेकिन ऐसा हो सकता है कि वह साल उस खिलाड़ी के लिए पूरी तरह बेकार हो।
राहुल ने खुद बनाई अपनी पहचान
गोयनका के साथ हुई घटना के बाद कई लोगों ने अनुमान लगाया कि राहुल एलएसजी छोड़ सकते हैं या फिर फ्रैंचाइज़ उन्हें आईपीएल 2025 के लिए कप्तान के रूप में बरकरार नहीं रखेगी। राहुल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से खुद को भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया है। खासकर टेस्ट और वनडे में वह टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं।












Click it and Unblock the Notifications