IPL 2022 : केएल राहुल छा गए, कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया ऐसा काम
मुंबई : आईपीएल 2022 के 66वें मुकाबले में डीवाई पाटिल स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजों पर लखनऊ सुपर जायंट्स की ओपनिंग जोड़ी का कहर देखने को मिला। टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ टीम ने कप्तान केएल राहुल और क्विंटन डी काॅक के दम पर ही बिना विकेट खोए 20 ओवर में 210 रन बना दिए। जहां डी काॅक ने 70 गेंदों में नाबाद 140 रन बनाए तो राहुल ने 51 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली, जिसमें 3 चाैके व 4 छक्के शामिल रहे। राहुल ने इस पारी के दम पर अपने नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें- 'वो नंबर 3 और 4 का खतरनाक खिलाड़ी है', शास्त्री बोले- जल्द भारत के लिए खेलेगा

कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर सका ऐसा काम
दरअसल, राहुल ने आईपीएल 2022 में अभी तक 14 मैचों में 537 रन बना लिए हैं। इसी के साथ राहुल ने लगातार 5 आईपीएल सीजन खेलते हुए 500 रनों का आंकड़ा पार किया है। ऐसे में राहुल इकलाैते ऐसे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने लगातार 5 आईपीएल सीजन में 500 से अधिक रन बनाए हों।

2018 से बरसा रहे रन
राहुल आईपीएल 2018 से लगातार रन बरसा रहे हैं। उन्होंने 2018 में 14 मैचों में 54.91 की औसत से 659 रन बनाए थे। फिर आईपीएल 2019 में उन्होंने 14 मैचों में 53.90 की औसत से 593 रन बनाए और आईपीएल 2020 में 55.83 की औसत से 14 मैचों में 670 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल रहे। वहीं आईपीएल 2021 में 13 मैचों में 62.60 की औसत से 626 रन बनाए थे। अब माैजूदा सीजन में भी 14 मैचों में 537 रन बना चुके हैं।

ये रिकाॅर्ड भी बनाया
इसके अलावा राहुल का यह आईपीएल करियर का 30वां अर्धशतक रहा है। इसके साथ ही वह आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं। साथ ही वह आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज भी बने। आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने का रिकाॅर्ड डेविड वार्नर के नाम है, जो 54 अर्धशतक लगा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications