KKR vs PBKS: कोलकाता की गेंदबाजी में ढेर हुए पंजाब के शेर, उमेश-साउथी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 8वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच खेला जा रहा है, जहां पर फैन्स को केकेआर की बेहतरीन गेंदबाजी का नजारा देखने को मिला। वानखेड़े के मैदान पर खेले जा रहे इस मैच में श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे उसके गेंदबाजों ने काफी सही साबित किया। आरसीबी के खिलाफ 205 रनों के हाई स्कोर मैच को जीतने वाली पंजाब किंग्स की टीम के बल्लेबाज इस मैच में पस्त नजर आये और पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सके।

पंजाब किंग्स की टीम ने पहले ही ओवर में कप्तान मयंक अग्रवाल का विकेट खो दिया लेकिन जिसके बाद भानुका राजपक्षे ने छोटी मगर ताबड़तोड़ पारी खेलकर अपनी टीम की वापसी करायी, हालांकि केकेआर के लिये उमेश यादव (4 विकेट), टिम साउथी (2 विकेट) और सुनील नरेन (एक विकेट) ने लगातार अंतराल पर विकेट लेते हुए पंजाब किंग्स की टीम 137 रनों पर समेट दिया।
और पढ़ें: PAK vs AUS: लाहौर में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास, चेज किया ODI का सबसे बड़ा स्कोर

उमेश यादव ने फेंका आईपीएल करियर का बेस्ट स्पेल
उमेश यादव ने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए पहले ही ओवर में मयंक अग्रवाल का विकेट हासिल किया और पावरप्ले में 50 विकेट हासिल करने वाले चौथे गेंदबाज बन गये। इसके बाद उमेश यादव ने लियाम लिविंगस्टोन (19), हरप्रीत बरार (14) और राहुल चाहर (0) का विकेट लेकर आईपीएल करियर का सबसे बेस्ट स्पेल अपने नाम कर लिया। उमेश यादव ने इस मैच में 4 ओवर फेंक कर 23 रन दिये और 4 विकेट हासिल किये, जिसकी वजह से पंजाब किंग्स के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज की लिस्ट में उमेश यादव ने सुनील नरेन (32) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस फेहरिस्त में युजवेंद्र चहल (25) तीसरे पायदान पर काबिज हैं। उमेश यादव ने इससे पहले 2013 में राजस्थान के खिलाफ 24 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किये थे।

टिम साउथी ने भी पूरे किये 250 टी20 विकेट
जहां उमेश यादव ने अपनी गेंदबाजी से पंजाब किंग्स को वापसी नहीं करने दी तो वहीं पर टिम साउथी ने भी 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट हासिल किये और टी20 क्रिकेट में 250 विकेट चटकाने का कारनामा अपने नाम कर लिया। उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के मामले में युजवेंद्र चहल (250) की बराबरी कर ली है और इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के 29वें गेंदबाज बन गये हैं, जबकि न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बन गये हैं।

रबाडा-राजपक्षे की वजह से पंजाब ने खड़ा किया सम्मानजनक स्कोर
पंजाब किंग्स के लिये इस मैच में भानुका राजपक्षे और कगिसो रबाडा ने बल्लेबाजी में कुछ अच्छे शॉट खेलकर अपनी टीम की वापसी करायी नहीं तो पंजाब की टीम 100 रन का स्कोर पार करती हुई भी नहीं नजर आ रही थी। भानुका राजपक्षे ने महज 9 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के लगाकर 31 रनों की विस्फोटक पारी खेली तो वहीं पर रबाडा ने 16वें और 17वें ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का कारनामा किया। रबाडा ने 15 गेंदों में 4 चौके और एक छक्का लगाकर 25 रनों की पारी खेली तो वहीं ओडियन स्मिथ ने भी 9 रनों का योगदान दिया। 19वें ओवर में रबाडा को पहले साउथी ने कैच कर वापस पवेलियन भेजा तो वहीं अगली गेंद पर अर्शदीप रन आउट हो गये, इसकी वजह से पंजाब की टीम 137 रनों पर ऑल आउट हो गई।












Click it and Unblock the Notifications