ये कैसा इंटरनेशनल मैच… सिर्फ 20 गेंदों में खत्म हुआ T20 मुकाबला, 4 खिलाड़ी शून्य पर आउट
नई दिल्ली, 20 सितंबर: इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक कई ऐतिहासिक और सांस रोक देने वाले मुकाबले खेले गए हैं। हाल ही में एशिया कप के दौरान भी कई ऐसे मैच खेले गए थे, जिनका रिजल्ट मैच की आखिरी गेंद पर सामने आया। लेकिन क्या आपने इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी 20 ओवर के मैच को सिर्फ 20 गेंदों में खत्म होते देखा है? नहीं ना? लेकिन यकीन मानिए ऐसा हुआ है..

20 गेंद में खत्म हुआ मुकाबला
हाल ही में एक टी20 इंटरनेशनल मैच केवल 20 गेंदों में ही खत्म हो गया। ये मैच अफ्रीका क्रिकेट एसोसिएशन कप 2022 के दौरान केन्या और कैमरून के बीच खेला गया था। मैच की शुरुआत कैमरून के टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के साथ हुई। कैमरून की पूरी टीम 14.2 ओवर के खेल यानी कुल 80 गेंदों में केवल 48 के स्कोर पर सिमट गई। टीम की ओर से चार खिलाड़ी बिना खाता खोले आउट हुए। ओपनर ब्रूनो टोबे (14) टॉप स्कोरर रहे। केन्या की ओर से यश तलाती और शेम नगोचे 3-3 विकेट लेने में सफल रहे।

अगली 20 गेंद में खेल खत्म
केन्या के सामने 49 रन का आसान सा टारगेट था, जिसे टीम ने 3.2 ओवर (20 गेंद) में 1 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। टीम की जीत में ओपनर सुखदीप सिंह ने 10 गेंदों पर चार चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 26 रन बनाए। रुषभ पटेल ने 7 गेंदों पर 14 रन और ओढियांबो ने 3 गेंदों में नाबाद 7 रनों की पारी खेली।

100 गेंद पहले जीता मुकाबला
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते मुकाबला जीतने वाली केन्या दुनिया की चौथी टीम बनी। केन्या से पहले लक्जमबर्ग ने तुर्की को 101 गेंद शेष रहते 8 विकेट से हराया था। वहीं, ओमान ने फिलीपींस के खिलाफ 103 गेंद शेष रहते 9 विकेट से मात दी थी। ऑस्ट्रिया ने 2019 में तुर्की को 104 गेंद शेष रहते 10 विकेट से हराया था।












Click it and Unblock the Notifications