जोस बटलर ने सूर्यकुमार यादव को बताया 'बैटर ऑफ द वर्ल्ड कप', पर OUT करने में लगेगी सिर्फ 1 गेंद
T20 World Cup India vs England Semifinal: T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत में जिस तरह की चर्चा विराट कोहली को मिली थी इस प्रतियोगिता के समापन में उससे भी ज्यादा बातें सूर्यकुमार यादव को लेकर हो रही हैं। विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ एक अद्भुत पारी खेलकर अपनी बैटिंग को आराम से आगे बढ़ा रहे हैं तो वहीं सूर्यकुमार यादव ने बीच में ऐसे कई धमाके किए हैं जो उनको मौजूदा टीम इंडिया में बेस्ट बल्लेबाज बनाती है। सूर्यकुमार की असली परीक्षा सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ होगी जिसके कप्तान जॉस बटलर ने स्काई की तारीफ की है और उनको इस टूर्नामेंट का बल्लेबाज बताया है।

इंग्लैंड के कप्तान SKY से काफी प्रभावित
वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में दोनों टीमों के बीच मुकाबला एडिलेड में 10 नवंबर को देखने को मिलेगा जो भारत के समयानुसार दोपहर 1:30 पर शुरू होगा। 32 साल के सूर्यकुमार यादव इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में नंबर 3 पर है क्योंकि उन्होंने लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से 225 रन बना दिए हैं। यादव T20 रैंकिंग में भी बल्लेबाज और मोहम्मद रिजवान से 39 पॉइंट आगे जाकर करियर बेस्ट रेटिंग अंक भी हासिल कर चुके हैं। इंग्लैंड के कप्तान निश्चित तौर पर उनसे काफी प्रभावित हैं और उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्काई की तारीफ की है।

केवल 1 गेंद की दरकार होती है
जोस बटलर ने कहा कि अभी तक सूर्यकुमार यादव एक चमकने वाले बल्लेबाज रहे हैं और वे जिस आजादी से खेलते हैं वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इंग्लैंड के कप्तान ने कहा कि यादव काफी फ्री माइंड सेट से खेलते हैं। हालांकि बटलर मानते हैं कि किसी भी बल्लेबाज को आउट करने के लिए केवल 1 गेंद की दरकार होती है और सूर्यकुमार यादव को भी आउट किया जा सकता है। जोस यह भी कहते हैं कि भारतीय टीम में सूर्यकुमार यादव के अलावा और भी बहुत खतरनाक खिलाड़ी हैं ऐसे में इंग्लैंड की टीम केवल सूर्यकुमार पर फोकस करने का खतरा मोल नहीं ले सकती।

सूर्यकुमार यादव की सबसे बड़ी ताकत
बटलर ने कहा, सूर्यकुमार यादव को देखना शानदार है, क्या ऐसा नहीं है? मुझे लगता है कि वह अभी तक इस टूर्नामेंट के बल्लेबाज रहे हैं। वे ऐसे बल्लेबाज हैं जिनको आप देखना चाहते हो। मुझे उनकी सबसे बड़ी ताकत यह लगती है कि वह जिस आजादी के साथ खेलते हैं। मुझे लगता है कि उनके पास निश्चित तौर पर सारे शॉट हैं लेकिन वे अपने आपको उन शॉट को खेलने के लिए भी तैयार रखते हैं। उनके पास बिल्कुल फ्री माइंड सेट है। लेकिन दुनिया में कोई भी बल्लेबाज हो उसका विकेट लेने के लिए केवल एक गेम चाहिए होती है। हमें भी उन को आउट करने के लिए एक ऐसी ही गेंद ढूंढनी होगी। हालांकि केवल सूर्यकुमार यादव पर फोकस करना ठीक नहीं होगा क्योंकि मुझे लगता है कि भारतीय टीम में बाकी खिलाड़ी भी बहुत शानदार है।












Click it and Unblock the Notifications