जयदेव उनादकट की टेस्ट टीम में वापसी के बाद उनका पुराना ट्वीट हुआ वायरल, जानिए क्या था उस ट्वीट में
भारत के लिए साल 2010 में अपना टेस्ट डेब्यू कर चुके जयदेव उनादकट को पूरे 12 साल के बाद फिर से टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। जयदेव ने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था।

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए बाएं हाथ के अनुभवी गेंदबाज जयदेव उनादकट को मोहम्मद शमी की जगह टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। बता दें कि शमी चोट की वजह से टीम से बाहर हुए हैं। भारत के लिए साल 2010 में अपना टेस्ट डेब्यू कर चुके जयदेव उनादकट को पूरे 12 साल के बाद फिर से टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। जयदेव ने अपना आखिरी टेस्ट मैच साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। इसके बाद से ही उन्हें फिर कभी टीम में शामिल नहीं किया गया। उनादकट की टीम में वापसी को लेकर उनका एक पुराना ट्वीट बहुत वायरल हो रहा है। हालांकि यह ट्वीट ज्यादा पुराना नहीं है, इसी साल जनवरी का है।
यह था उनादकट का पुराना ट्वीट
4 जनवरी 2022 को किए गए इस ट्वीट में जयदेव उनादकट ने कहा था कि डियर रेड बॉल, प्लीज मुझे एक मौका और दीजिए, मैं वादा करता हूं कि तुम्हें मुझ पर गर्व महसूस होगा। आपको बता दें कि उनादकट ने अपने इस ट्वीट में एक फोटो भी शेयर की थी, जिसमें रेड बॉल नजर आ रही है, जो टेस्ट क्रिकेट में इस्तेमाल होती है। जयदेव उनादकट ने अपने इस ट्वीट के जरिए टेस्ट क्रिकेट में खुद को मौका दिए जाने की अपील की थी। हालांकि उन्होंने इस ट्वीट में बीसीसीआई का जिक्र नहीं किया था, लेकिन बोर्ड ने उनकी अपील को सुन लिया है।
Dear red ball, please give me one more chance.. I’ll make you proud, promise! pic.twitter.com/ThPUOpRlyR
— Jaydev Unadkat (@JUnadkat) January 4, 2022
जयदेव उनादकट का कैसा था डेब्यू?
आपको बता दें कि 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले जयदेव उनादकट उस मैच में फ्लॉप रहे थे। उस मैच में उन्होंने 101 रन लुटाए थे और एक भी विकेट नहीं लिया था। उनके इसी प्रदर्शन की वजह से फिर उन्हें आगे मौका नहीं मिला, लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए उनादकट ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जिसकी वजह से उनकी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। उनादकट ने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मैचों में 19 विकेट लिए थे। वहीं 2019-20 के रणजी ट्रॉफी के सीजन में भी उन्होंने सर्वाधिक विकेट चटकाए थे।












Click it and Unblock the Notifications