IND vs ENG: ओवल के मैदान पर जसप्रीत बुमराह ने रच दिया इतिहास, वनडे में पहली बार किया यह कारनामा
लंदन, जुलाई 12। भारत और इंग्लैंड के बीच पहले वनडे में मेजबान टीम 110 रनों पर धराशाई हो गई है। जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों की एक ना चली और एक-एक कर पूरी टीम 110 रनों पर सिमट गई। जसप्रीत बुमराह ने सबसे अधिक 6 विकेट अपने नाम किए हैं। बुमराह ने 7.2 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। इस स्पेल में उन्होंने 3 ओवर मेडन भी डाले। आपको बता दें कि बुमराह ने वनडे फॉर्मेट में अपना बेस्ट परफॉर्मेंस दिया है। इससे पहले अगस्त 2017 में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 27 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।

बुमराह ने किया करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
इसके अलावा जसप्रीत बुमराह भारत की ओर से वनडे में बेस्ट बॉलिंग परफॉर्मेंस देने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे आगे इस लिस्ट में अनिल कुंबले और स्टुअर्ट बिन्नी हैं। स्टुअर्ट बिन्नी ने बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में साल 2014 में 4 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए थे। इस मैच में सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए थे और आज के मैच में भी सभी 10 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए हैं। वहीं अनिल कुंबले ने 1993 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 12 रन देकर 6 विकेट लिए थे।

बुमराह ने तोड़ा 19 साल पुराना एक रिकॉर्ड
इसके अलावा बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ एक वनडे में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले बॉलर बन गए हैं। उन्होंने आशीष नेहरा का 19 साल पुराना एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल, आशीष नेहरा ने 2003 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 23 रन देकर 6 विकेट लिए थे। वहीं बुमराह ने 19 रन देकर 6 विकेट झटककर नेहरा के उस रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

शमी ने भी बनाया रिकॉर्ड
बुमराह के साथ-साथ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा दिया है। दरअसल, मोहम्मद शमी वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने राशिद खान की बराबरी कर ली है। दरअसल, शमी ने 80 पारियों में 150 विकेट हासिल कर लिए हैं। वहीं राशिद खान भी उन्हीं के साथ चौथे स्थान पर हैं। पहले नंबर पर मिचेल स्टार्क हैं, जिन्होंने 77 पारियों में यह कारनामा किया है।












Click it and Unblock the Notifications