राशिद खान अंबानी परिवार के फंक्शन में नाच रहे, उधर आयरलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ रच दिया इतिहास
AFG vs IRE: अफगानिस्तान के क्रिकेटर राशिद खान भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो अम्बानी परिवार के शादी समारोह में शमी हुए हैं। सचिन, धोनी और जहीर खान जैसे कई बड़े नाम इस प्री वेडिंग फ़ंक्शन में गए हैं। इस बीच अफगानिस्तान की टीम के साथ खेला हो गया।
अबुधाबी में आयरलैंड ने अफगानिस्तान को एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे ही दिन रौंदकर इतिहास रच दिया। अफगानिस्तानी टीम को 6 विकेट से पराजय का सामना करना पड़ा। बगौर राशिद खान के खेल रही अफगान टीम को आयरिश टीम ने जबरदस्त पटखनी दी है। टेस्ट इतिहास में 8 टेस्ट खेलने वाली आयरिश टीम की पहली जीत है।

अफगानिस्तान की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए इस मुकाबले में 155 रनों का स्कोर बनाया था। आयरिश गेंदबाजों के सामने मेजबान टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी। इसके बाद जवाबी बैटिंग करते हुए आयरलैंड ने पहली पारी में 263 रनों का स्कोर बनाकर बड़ी लीड हासिल कर ली।
अफगानिस्तान की टीम के लिए दूसरी पारी में बड़ा स्कोर करना ही एकमात्र रास्ता था लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। दूसरी पारी में अफगानिस्तानी टीम 218 रन बनाकर आउट हो गई। शाहिदी ने अर्धशतक जमाते हुए 55 रनों की धाकड़ पारी खेली लेकिन टीम के सामने हार थी।
आयरलैंड की टीम को 109 रनों का मामूली लक्ष्य मिला लेकिन एक समय टीम परेशानी में आ गई थी। 4 खिलाड़ी महज 39 रनों के कुल स्कोर पर ही आउट हो गए थे। इसके बाद बैलबर्नी और लॉर्कन टकर ने मिलकर मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने टीम को 4 विकेट पर 111 के स्कोर तक पहुंचाते हुए जीत दिला दी। दूसरी पारी में बैलबर्नी ने नाबाद 58 और टकर ने नाबाद 27 रनों की पारी खेली। नवीद जादरान ने अफगानिस्तान के लिए 2 विकेट झटके।
आयरलैंड की टीम के लिए यह ऐतिहासिक जीत थी। इससे पहले अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच एक मैच हुआ था, उस दौरान अफगानिस्तान ने जीत दर्ज की थी। आयरिश टीम ने 3 ही दिनों में मुकाबला अपने नाम करते हुए अफगानिस्तानी टीम से पुराना हिसाब बराबर कर लिया। राशिद खान चोट के कारण टीम से बाहर हैं लेकिन अम्बानी परिवार के शादी समारोह में शामिल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications