IPL Auction 2023: आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने सैम करन, 18.50 करोड़ में पंजाब ने खरीदा
सैम करन आईपीएल इतिहास के अभी तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 18.50 करोड़ में पंजाब किंग्स ने खरीदा है। सैम करन को चेन्नई सुपरकिंग्स ने ही रिलीज किया था।

Recommended Video
IPL Auction 2023 में इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने आईपीएल इतिहास के सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है और दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग के अभी तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। दरअसल, सैम करन को आईपीएल मिनी ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपए में खरीदा है। 2 करोड़ के बेस प्राइज के साथ इस नीलामी में शामिल हुए सैम करन को चेन्नई सुपरकिंग्स ने रिलीज किया था, लेकिन चेन्नई ने अपने ऑलराउंडर को वापस टीम में लेने के लिए खूब मोटी बोली लगाई, लेकिन आखिरी में सैम करन को पंजाब ने खरीद लिया।
क्रिस वोक्स को सैम करन ने पछाड़ा
सैम करन को खरीदने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच होड़ देखने को मिली। चेन्नई 10 करोड़ का आंकड़ा पार होते ही बोली से बाहर हो गई, लेकिन पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होड़ जारी रही। बीच में गुजरात टाइटंस ने भी 15 करोड़ की बोली लगाई थी, लेकिन आखिर में पंजाब ने मुंबई को पछाड़ते हुए सैम करन को अपनी टीम में शामिल कर लिया। सैम करन आईपीएल इतिहास के ऑल टाइम सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स 2021 में 16.25 करोड़ रुपए में बिके थे। उन्हें आरसीबी ने खरीदा था।
पंजाब के साथ ही किया था आईपीएल डेब्यू
24 साल के सैम करन बाएं हाथ के बैटिंग ऑलराउंडर हैं। इंग्लैंड के लिए खेलते हुए उन्होंने 24 टेस्ट मैचों की 42 पारियों में 47 विकेट लिए हैं, जबकि 35 टी20 पारियों में उन्होंने 41 विकेट लिए हैं। आईपीएल में भी उनका रिकॉर्ड बहुत शानदार है। उन्होंने आईपीएल के 32 मुकाबलों में 32 विकेट लिए हैं। आईपीएल में बल्लेबाजी करते हुए उनके नाम दो हाफ सेंचुरी भी हैं। 2019 में अपना आईपीएल डेब्यू करने वाले सैम करन ने पंजाब किंग्स के साथ ही अपने सफर का आगाज किया था, लेकिन 2020 की नीलामी में सैम करन को चेन्नई सुपर किंग्स ने 5.5 करोड़ में खरीदा था। दो साल तक चेन्नई के साथ रहने के बाद करन अब फिर से पंजाब में चले गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications