IPL Auction: भारत के खिलाफ प्रभावित करने वाले दो युवाओं को मिला ईनाम
बेंगलुरु, 13 फरवरी: आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में जिस नए कैरेबियाई खिलाड़ी को लेने के लिए टीमों में उत्सुकता दिखाई वह थे वेस्टइंडीज के खिलाड़ी ऑडियन स्मिथ। ऑडियन बहुत चर्चित नाम नहीं है लेकिन भारत और वेस्टइंडीज के बीच हाल ही में संपन्न हुई वनडे श्रृंखला में उन्होंने यह साबित कर दिया था कि आने वाली महा नीलामी में कोई भी फ्रेंचाइजी उनको नजरअंदाज नहीं कर पाएगी। उनकी बोली देखते ही देखते 5 करोड़ पार कर गई और किसी को ताज्जुब नहीं हुआ।

इस दौरान सनराइजर्स हैदराबाद की टीम उनको लेने के लिए खास तौर पर उत्सुक दिखाई दी लेकिन पंजाब किंग्स की टीम ने भी लगातार नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद को टक्कर दी जिसके चलते इस कैरेबियाई खिलाड़ी की रकम लगातार बढ़ती चली गई। यहां पर पंजाब किंग्स ने अपने बड़े पर्स का जलवा सबको दिखाया और ऑडियन स्मिथ को छह करोड़ की अच्छी रकम में खरीद लिया। इस नीलामी पर किसी को ताज्जुब नहीं होना चाहिए क्योंकि भारत और वेस्टइंडीज के बीच हाल ही में संपन्न हुई तीन मैचों की सीरीज में इस हरफनमौला खिलाड़ी ने बढ़िया खेल दिखाया था।
ऑडियन स्मिथ एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो मध्यम गति की गेंदबाजी कर सकते हैं और निचले क्रम पर आकर ताबड़तोड़ शॉट लगा सकते हैं। वेस्टइंडीज की टीम ने ऑडियंस अमित को दूसरे और तीसरे मुकाबले में खिलाया था जिसमें स्मिथ ने दूसरे वनडे मुकाबले में 7 ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए और फिर निचले क्रम पर आकर 20 गेंदों पर 24 रन बनाए। तीसरे मुकाबले में ऑडियन स्मिथ ने 7 ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लिया और निचले क्रम पर 18 गेंदों पर तीन चौके व तीन छक्के लगाकर 36 रन ठोक दिए।
दूसरी ओर भारत के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले एक और युवा खिलाड़ी को आईपीएल में ईनाम मिला है। ये हैं दक्षिण अफ्रीका के लंबे तेज गेंदबाज मार्को येंसन जिन्होंने इस साल की शुरुआत में टेस्ट सीरीज में भारत के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। येंसन को सनराइजर्स हैदराबाद ने 4.2 करोड़ रुपए में खरीदा है।










Click it and Unblock the Notifications