IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम फिर से हुआ बदनाम, 17 लाख से ज्यादा के टिकटों में घोटाला
IPL 2026: आईपीएल 2026 के दौरान टिकटों की कालाबाजारी पर शिकंजा कसते हुए बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से जुड़े एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने टिकटों की हेराफेरी कर उन्हें ऊंची कीमतों पर बेचने का काम किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रशेखर के रूप में हुई है, जो स्टेडियम के अंदर स्थित श्री लक्ष्मी कैंटीन में काम करता था। आरोप है कि उसने बड़े पैमाने पर मैच टिकटों को डायवर्ट कर ब्लैक में बेचा। खास तौर पर 15 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले के लिए वह 180 से ज्यादा टिकट बेचते हुए पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि वह एक-एक टिकट के लिए 15 हजार से 19 हजार रुपये तक वसूल रहा था, जो असली कीमत से कई गुना ज्यादा है।

जांच के दौरान सामने आया कि इन टिकटों को आधिकारिक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अलग-अलग कंपनियों के नाम पर बुक किया गया था। बाद में इन्हें अवैध तरीके से बाहर निकालकर ब्लैक मार्केट में बेचा गया। इसी तरह का मामला 28 मार्च को खेले गए बेंगलुरु और चेन्नई के मुकाबले में भी सामने आया था, जहां दर्जनों टिकटों का गलत इस्तेमाल कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा गया।
पुलिस जांच में कुल 181 टिकटों का पता चला है, जिनकी कीमत करीब 17.5 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में चंद्रशेखर ने एक क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े सदस्य का नाम भी लिया है, जिस पर इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने का आरोप है। फिलहाल वह आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है।
इस मामले में पुलिस ने संबंधित कंपनियों के अधिकारियों के खिलाफ भी केस दर्ज किया है, जिनकी मदद से यह पूरा रैकेट चलाया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि टिकट ब्लैकिंग के इस नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए जांच आगे भी जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद साफ संकेत मिल गया है कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications