Angkrish Raghuvanshi के आउट होने पर मचा बवाल, अंपायर के फैसले से गुस्से में लाल हुए KKR के फैंस और कोच
IPL 2026, Angkrish Raghuvanshi: आईपीएल 2026 (IPL 2026) में रविवार को लखनऊ और कोलकाता के बीच खेले जा रहे मुकाबले में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस विवाद ने खेल भावना और नियमों के बीच नई बहस छेड़ दी है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को 'ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड' (फील्डिंग में बाधा डालना) के लिए आउट दिए जाने के बाद मैदान से लेकर डगआउट तक भारी नाराजगी देखी गई।
रघुवंशी को ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड के तहत दिया गया आउट (IPL 2026, Angkrish Raghuvanshi)
आउट होने के बाद रघुवंशी इतने गुस्से में थे कि उन्होंने पवेलियन लौटते समय अपना बल्ला जमीन पर पटक दिया। कोलकाता की पारी के दौरान अंगकृष रघुवंशी (9 रन) ने एक गेंद को पुश किया और तेजी से सिंगल चुराने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि, नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े कैमरून ग्रीन ने रन लेने से मना कर दिया और उन्हें वापस लौटने का इशारा किया। रघुवंशी ने जैसे ही क्रीज में लौटने के लिए'यू-टर्न लिया, उन्होंने उसी तरफ से दौड़ना शुरू किया जहां से फील्डर का थ्रो आने वाला था।

फैसले से गुस्से में नजर आए कोच
टीवी अंपायर ने माना कि रघुवंशी का रनिंग पाथ (दौड़ने का रास्ता) जानबूझकर फील्डर के थ्रो में बाधा डालने के लिए बदला गया था। अंपायर के इस फैसले ने केकेआर के खेमे को हिलाकर रख दिया। टीम के सहायक कोच शेन वॉट्सन अंपायर के फैसले पर अपनी हैरानी छिपा नहीं सके। वहीं, हेड कोच अभिषेक नायर तुरंत डगआउट से उठकर चौथे अंपायर के पास पहुँचे और इस फैसले पर स्पष्टीकरण मांगते नजर आए।
क्या कहता है नियम
युवा खिलाड़ी रघुवंशी ने मैदान छोड़ते समय अपना आपा खो दिया, जो यह बताता है कि टीम इस विकेट को लेकर कितनी गंभीर थी। क्रिकेट की नियम पुस्तिका (Law 37) के मुताबिक यदि कोई बल्लेबाज जानबूझकर अपने शब्दों या कार्यों से फील्डिंग टीम को बाधा पहुंचाता है तो उसे आउट दिया जा सकता है। अंपायर का मानना था कि रघुवंशी ने थ्रो की लाइन को ब्लॉक करने के लिए जानबूझकर चौड़ा मोड़ लिया, जो टाला जा सकता था।
विशेषज्ञों का एक पक्ष इसे कठोर फैसला मान रहा है। उनका तर्क है कि एक सेकंड के भीतर बल्लेबाज के लिए यह तय करना मुश्किल होता है कि उसका रनिंग पाथ क्या होना चाहिए, खासकर जब वह रन आउट से बचने की कोशिश कर रहा हो।












Click it and Unblock the Notifications