IPL-2023: “उफ्फ! राशिद खान पर लगातार 3 छक्के, आपने तो बेस्ट बॉलर को धो दिया”
IPL in Hindi: संजू सैमसन ने साबित कर दिया उनके पास राशिद खान जैसे दिग्गज लेग स्पिनर को हिट करने के लिए बड़ा जिगरा मौजूद है। गेल और डिविलियर्स के रिटायर होने के बाद संजू सैमसन ने धाकड़ हिटिंग की जिम्मेदारी संभाली है।

IPL 2023 RR VS GT: राशिद खान पर लगातार 3 छक्के मारने के लिए गज भर का कलेजा चाहिए। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने दिखाया कि ये जिगरा उनके पास है। संजू सैमसन ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए राशिद खान के एक ओवर में तीन छक्के मारे। मैच का 13वां ओवर राशिद खान लेकर आये थे। संजू ने उनकी दूसरी, तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार छक्का मारा । इस ओवर में कुल 20 रन बने थे।
राशिद ने चार ओवर में 46 रन दे कर दो विकेट लिये। उन्हें टी-20 फॉरमेट का बेस्ट बॉलर माना जाता है। लेकिन उनकी इस धुलाई से मैच का परिदृश्य बदल गया और गुजरात पर दबाव बनने लगा। संजू सैमसन की इस बैटिंग को देख कर राजस्थान के टीम डायरेक्टर कुमार संगकारा ने कहा, आपने तो उनको बुरी तरह धो दिया। जब आप लय में हों तो कोई फर्क नहीं पड़ता कि सामने कौन है, चाहे वो राशिद खान हों, मुथैया मुरलीधरन हों या फिर शेन नार्न ही क्यों न हों। आपने जबर्दस्त बल्लेबाजी की।
राशिद के एक ओवर में 4 छक्के
पांच साल पहले उनकी आइपीएल में इससे भी बड़ी धुनाई हुई थी। तब राशिद सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते थे। 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच ये मैच खेला गया था। पंजाब की तरफ से खेलते हुए क्रिस गेल ने राशिद खान पर लगातार 4 छक्के मारे थे। गेल ने इस मैच में 58 गेंदों पर शतक लगाया था।
मैच का 14वां ओवर राशिद खान डाल रहे थे। गेल ने उनकी दूसरी, तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार चार छक्के मारे थे। राशिद के इस ओवर में कुल 27 रन बने थे। इस मैच में राशिद ने चार ओवरों में कुल 55 रन दिये थे और एक विकेट लिया था।
Recommended Video

राशिद का सबसे महंगा ओवर- 6, 4, 6, 6, 6,1
राशिद खान ने सबसे महंगा ओवर डाला था 2016 के टी-20 विश्वकप में। ये मैच दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाये थे। एबी डिविलियर्स ने 17वें ओवर में राशिद खान की ऐसी बखिया उधेड़ी थी कि एक शर्मनाक रिकॉर्ड बन गया था। टी-20 में राशिद खान के सबसे महंगे ओवर के रूप में यह रिकॉर्ड आज भी बरकरार है। राशिद के 17वें ओवर की पहली गेंद पर डिविलियर्स ने 6 मारा। दूसरी गेंद पर चौका मारा। फिर लगातार तीन 6,6,6 और आखिरी गेंद पर 1 रन। राशिद के इस ओवर में कुल 29 रन बने थे जो कि टी-20 में उनका सबसे महंगा ओवर है।
सैमसन, क्रिस गेल, डिविलियर्स को नही भूलेंगे राशिद
इस तरह हम देखते हैं कि राशिद खान जैसे दिग्गज गेंदबाज की कुटाई-पिटाई कोई विशिष्ट बल्लेबाज ही कर सकता है। संजू सैमसन, क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स की बल्लेबाजी शैली अलग-अलग हो सकती है लेकिन उनका माइंड सेट एक जैसा है।
इन तीनों बल्लेबाजों की एक ही रणनीति रही है- मौका ताड़ो और गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाओ। ये 'ठोक दो’ टेंपरामेंट वाले बैटर हैं। तीनों ही बेरहम बल्लेबाज हैं जो बड़े से बड़े गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा देने का माद्दा रखते हैं। तो अब रिटायर हो चुके हैं। हां, अब संजू सैमसन सफेदी का नयी चमकार बने हैं जो जबर्दस्त धुलाई कर रहे हैं।
'गुजरात को पस्त करना है तो राशिद-शमी को तोड़ो’
राशिद खान गुजरात टाइटंस के लिए तुरुप का एक्का हैं। टीम को जब भी विकेट की जरूरत होती है या किसी साझेदारी को तोड़ने की जरूरत होती है तब उन्हें मोर्चे पर लगाया जाता है। पिछले साल उन्होंने आइपीएल में 19 विकेट लिये थे और गुजरात को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभायी थी।
फाइनल में गुजरात ने राजस्थान को हरा कर ही खिताब जीता था। इसकी कसक संजू सैमसन के दिल में थी। 2023 में उन्हें जैसे ही मौका मिला राशिद खान पर हमला बोल दिया। संजू और हेटमायर की साहसिक बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने गुजरात को हरा कर अपने इरादे जाहिर कर दिये हैं। राजस्थान ने इस बार मोहम्मद शमी और राशिद खान को निशाने पर रखा है।
मोहम्मद शमी ने पिछले साल गुजरात के लिए 20 विकेट लिये थे। संजू ने अगर राशिद पर हल्ला बोला तो शमी पर अश्विन ने वार किया। अश्विन ने शमी की गेंद पर एक छक्का और एक चौका लगा कर मैच राजस्थान की तरफ मोड़ दिया। अंक तालिका में शीर्ष पर चला राजस्थान इस बार नये तेवर में है।












Click it and Unblock the Notifications