RCB vs GT: कोहली ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए जड़ा लगातार दूसरा शतक, आरसीबी ने बनाये 197 रन
RCB vs GT: पिछले मुकाबले की तरह इस बार भी विराट कोहली का बल्ला जमकर चला। वह एक छोर पर खड़े होकर लगातार रन बनाते चले गए।

RCB vs GT: गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में विराट कोहली का बल्ला जमकर चला। कोहली ने इस सीजन का दूसरा शतक जमा दिया। आईपीएल में उनके नाम सबसे ज्यादा शतक हो गये। पहले बैटिंग करते हुए आरसीबी ने 5 विकेट पर 197 रनों का स्कोर हासिल किया।
टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। इसके बाद कप्तान फाफ डू प्लेसी और विराट कोहली ने मिलकर पहले विकेट के लिए धमाकेदार भागीदारी की। दोनों ने मिलकर 67 रन जोड़े। इसके बाद डू प्लेसी आउट हो गए। उनको 28 के निजी स्कोर पर नूर अहमद ने चलता किया।
विराट कोहली ने एक छोर पर जमकर बल्लेबाजी की और गेंदबाजों की धुनाई भी की। दूसरे छोर से विकेट गिरने लगे। मैक्सवेल ने 11 और महिपाल लोमरोड़ ने 1 रन बनाया। उनके बाद आये ब्रेसवेल ने कुछ आकर्षक शॉट जड़े और 26 रन बनाये। कोहली फिफ्टी जड़कर टिके रहे।
दिनेश कार्तिक ने एक बार फिर से निराश किया और गोल्डन डक पर चलते बने। आईपीएल में उनके सबसे ज्यादा 17 गोल्डन डक हुए हैं। इन सबके बीच कोहली ने रन बनाना जारी रखा और पिछले मैच की तरह धाकड़ शॉट खेलते रहे। बेंगलुरु में घरेलू दर्शकों का भी उनको पूरा सपोर्ट रहा। उन्होंने इस सीजन 600 का आंकड़ा भी पार कर लिया। इसके बाद उन्होंने 60 गेंदों में शतक भी जड़ डाला। इस सीजन उनका लगातार दूसरा शतक रहा।
कोहली ने 61 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन की नाबाद पारी खेली। अनुज रावत ने नाबाद 23 रन बनाकर आरसीबी को 5 विकेट पर 197 तक पहुंचा दिया। गुजरात के लिए नूर अहमद ने 2 विकेट झटके।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
आरसीबी: फाफ डुप्लेसी (कप्तान), विराट कोहली, माइकल ब्रेसवेल, ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हर्षल पटेल, वेन पार्नेल, मोहम्मद सिराज, विजयकुमार वैशाक।
गुजरात टाइटंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान)। शुभमन गिल, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), दासुन शनाका, डेविड मिलर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मोहित शर्मा, नूर अहमद, मोहम्मद शमी, यश दयाल।












Click it and Unblock the Notifications