PBKS vs RR: संकट में थी टीम, फिर दिखा बल्लेबाजों का रौद्र रूप, दो ओवर में ठोके 46 रन, प्रीति जिंटा खुश
Punjab Kings vs Rajasthan Royals: पंजाब ने राजस्थान के सामने इस अहम मुकाबले में जीत के लिए 188 रनों का लक्ष्य रखा है।

PBKS vs RR, 65th Match, Indian Premier League 2023: धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने आखिरी दो ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी देख टीम की को-ओनर प्रीति जिंटा भी बेहद खुश नजर आईं। वह हर शॉट का मजा उठाती दिखाई दे रही थीं।
पंजाब ने बनाए 187 रन: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स की शुरुआत खराब रही। पंजाब को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। राजस्थान के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने प्रभसिमरन सिंह को दूसरी गेंद पर कैच आउट कर दिया। प्रभसिमरन सिंह ने सामने की तरफ शॉट लगाने की कोशिश में ट्रेंट बोल्ट को ही अपना कैच थमा बैठे।
गब्बर ने किया निराश: पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने करो या मरो वाले मैच में अपनी पारी से निराश किया। कप्तान शिखर धवन एडम जम्पा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट होकर पवेलियन लौट गए। शिखर धवन एक बार फिर स्वीप शॉट लगाने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। शिखर धवन इससे पहले भी कई बार इस तरह के शॉट लगाने की कोशिश में आउट होते रहे हैं।
अथर्व तायदे का बल्ला भी रहा खामोश: दिल्ली के खिलाफ शानदार पारी खेलने वाले अथर्व तायदे का बल्ला इस मुकाबले में नहीं चला। अथर्व तायदे ने कुछ आकर्षक शॉट जरूर लगाए। लेकिन वह अपनी पारी को ज्यादा लंबी नहीं बना सके। तायदे ने 12 गेंद पर 19 रन बनाकर देवदत्त पडिक्कल को अपना कैच थमा बैठे।
आखिरी दो ओवर में 46 रन: आखिरी दो ओवर में 46 रन की बदौलत पंजाब ने 20 ओवर में छह विकेट पर 187 रन बनाने में कामयाबी हासिल की। पंजाब के लिए सैम करन ने 31 गेंद पर नाबाद 49 रनों की पारी खेली। इसके अलावा जितेश शर्मा ने 44 और शाहरुख खान ने 23 गेंद पर नाबाद 41 रन बनाने में कामयाबी हासिल की।
चहल के ओवर में 28 रन: राजस्थान के लिए इस सीजन सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज युजवेंद्र चहल का आखिरी ओवर काफी महंगा रहा। चहल पारी का 19वां ओवर करने आए। इस ओवर में पहले शाहरुख खान और फिर सैम करन ने उनके खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। चहल के इस ओवर से 28 रन आए।












Click it and Unblock the Notifications