IPL 2023: 'रोहित शर्मा जैसा बल्लेबाज कोई नहीं है,' पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने किया दावा
रोहित शर्मा ने इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए एक बार फिफ्टी जमाई है। हालांकि वह तूफानी बैटिंग करने में हर बार सफल रहे हैं।

IPL 2023, Harbhajan Singh on Rohit Sharma: रोहित शर्मा का बल्ला जब चलता है, तो वह किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ते और यह बात सर्वविदित है। सफेद गेंद क्रिकेट में रोहित शर्मा की तूती बोलती है। आईपीएल में भी वह इस सीजन तेज खेलने के प्रयास में आउट हो रहे हैं लेकिन फॉर्म में कहीं कोई कमी नज़र नहीं आती है।
मुंबई इंडियंस को पांच बार खिताबी जीत दिलाने वाले रोहित शर्मा का प्रयास रहता है कि टीम को तूफानी शुरुआत देते हुए आने वाले बल्लेबाजों का काम आसान किया जाए। उनकी बैटिंग को लेकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी हरभजन सिंह की तरफ से एक बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
भज्जी ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत में कहा कि किसी भी दिन रोहित शर्मा को गेंदबाजी करना मुश्किल काम होता है। इसके बाद उन्होंने कहा कि धोनी जब तक क्रीज पर आते थे, तब तक मेरा स्पेल समाप्त हो जाता था। धोनी अंतिम तीन ओवरों में काफी खतरनाक बल्लेबाज हुआ करते थे।
हरभजन ने कहा कि ओवरऑल देखा जाए तो रोहित शर्मा का काफी इम्पैक्ट है। बल्लेबाज में वह एक क्लास प्लेयर हैं। धोनी जब फिनिशर के रूप में अंत में बैटिंग करने के लिए आते थे, तब खतरनाक होते थे। रोहित शर्मा शुरू से लेकर अंत तक खेलते हैं, तो उनके जैसा कोई बल्लेबाज नहीं है।
गौरतलब है कि हरभजन सिंह मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों टीमों की तरफ से आईपीएल में खेले हैं। इस वजह से वह रोहित और धोनी दोनों को करीब से देख चुके हैं। धोनी अब भी अंतिम ओवरों में खेलने के लिए आते हैं और काफी खतरनाक भी हो जाते हैं।
इस सीजन रोहित शर्मा शुरुआत अच्छी करने में सफल रहते हैं लेकिन पारी को लम्बा खींचने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने अब तक कुल 6 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 179 रन आये हैं। रोहित शर्मा के बल्ले से एक अर्धशतकीय पारी देखने को मिली है। मुंबई ने छह में से तीन मैच जीते हैं।












Click it and Unblock the Notifications