MI vs SRH: ग्रीन का शतक और हिटमैन की हिटिंग, मुंबई ने हैदराबाद को हराया, प्लेऑफ़ की उम्मीद बरकरार
MI vs SRH: रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन ने मिलकर हैदराबाद के गेंदबाजों को धो डाला, दोनों ने दूसरे विकेट के लिए अहम शतकीय साझेदारी की।

MI vs SRH: मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में धाकड़ बैटिंग कर मैच 8 विकेट से जीत लिया। हैदराबाद से मिले 201 रनों के लक्ष्य को मुंबई ने 18वें ओवर में ही हासिल कर लिया। मुंबई ने प्लेऑफ़ में जाने की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। कैमरन ग्रीन ने शतक जड़ा। अब आरसीबी और गुजरात के मैच पर बाकी चीजें निर्भर है।
मुंबई द्वारा टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित करने के बाद हैदराबाद के ओपनरों ने धमाका किया। मयंक अग्रवाल और विवरांत शर्मा ने मिलकर बड़ी भागीदारी की। पहले विकेट के लिए इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। 140 के कुल स्कोर पर हैदराबाद का पहला विकेट गिरा। विवरांत 47 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हुए।
उधर मयंक अग्रवाल ने फिफ्टी जड़ने के बाद भी अच्छी बैटिंग जारी रखी। मयंक अर्धशतक के बाद भी बेहतरीन बैटिंग करते रहे और 46 गेंदों में 83 रन बनाये। उनके आउट होने के बाद रन गति धीमी हुई और विकेट भी गिरे। हैदराबाद ने 5 विकेट पर 200 का स्कोर हासिल किया। आकाश मधवाल ने मुंबई के लिए 4 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए मुंबई की खराब शुरुआत हुई। ईशान किशन महज 14 के निजी स्कोर पर भुवनेश्वर की गेंद पर ब्रूक के हाथों लपके गए। इस समय कुल स्कोर 20 रन था। पहला विकेट गिरने के बाद मुंबई इंडियंस की तरफ से रनों की आंधी देखने को मिली।
रोहित शर्मा और कैमरन ग्रीन ने धमाकेदार बल्लेबाजी की और एक बड़ी भागीदारी की। ग्रीन ने महज 20 गेंद में फिफ्टी पूरी की। उधर रोहित ने मुंबई इंडियंस के लिए 5000 रनों का आंकड़ा प्राप्त कर लिया, ऐसा पहले किसी ने नहीं किया था। ओवरऑल टी20 में उन्होंने 11000 रन पूरे किये, जो एक बड़ी उपलब्धि है। ग्रीन के साथ मिलकर उन्होंने शतकीय भागीदारी की और खुद की फिफ्टी 31 गेंद में पूरी की। वह 56 रन बनाकर आउट हो गए। इस समय कुल स्कोर 148 रन था।
कैमरन ग्रीन ने लगातार रन बनाते हुए शतकीय रन के साथ मुंबई को 8 विकेट से जीत दिला दी। वह 47 गेंदों में 8 चौकों और 8 छक्कों के साथ 100 रन पर नाबाद रहे। सूर्यकुमार ने 16 गेंदों में नाबाद 25 रन जड़े।












Click it and Unblock the Notifications