हैदराबाद की कमर तोड़ पर्पल कैप के करीब पहुंचे हसरंगा, लिया IPL करियर का पहला 5 विकेट हॉल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 54वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया जहां पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 67 रनों से जीत हासिल की और 14 अंक के साथ अंकतालिका में चौथे पायदान पर कब्जा बरकरार रखा है। वानखेड़े के मैदान पर खेले गये इस मैच में आरसीबी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और कप्तान फाफ डुप्लेसिस (73) की नाबाद अर्धशतकीय पारी, रजत पाटिदार (48), ग्लेन मैक्सवेल (33) और दिनेश कार्तिक (30) की विस्फोटक पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 3 विकेट खोकर 192 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में रनों का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत खराब रही और आरसीबी की तरह ही उसने भी पारी की पहली गेंद पर केन विलियमसन का विकेट रन आउट के चलते गंवा दिया। वहीं मैक्सवेल ने अपने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को भी बोल्ड मारा और पहले ही ओवर में हैदराबाद की टीम को दोहरा झटका दिया।
इसके बाद राहुल त्रिपाठी (58) और एडेन मार्करम (21) ने पारी को संभालते हुए 50 रनों की साझेदारी कर डाली और जैसे ही लगा कि हैदराबाद की टीम वापसी कर सकती है तभी वनिंदु हसरंगा गेंदबाजी करने आये जिन्होंने अपने पहले ही ओवर में मार्करम का विकेट लेकर न सिर्फ साझेदारी को तोड़ा बल्कि मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया।
निकोलस पूरन (19) ने भी राहुल त्रिपाठी के साथ साझेदारी कर पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन हसरंगा ने एक बार फिर से अपनी फिरकी में फंसाकर साझेदारी को तोड़ने का काम किया और पूरन को वापस पवेलियन भेजा। पूरन के जाने के बाद बल्लेबाजी करने आये जगदीश सुचित (2) भी कुछ खास नहीं कर सके और हसरंगा की गेंद पर स्टंप होकर वापस पवेलियन लौटे।
और पढ़ें: IPL 2022 के प्लेऑफ में अब भी क्वालिफाई कर सकती है चेन्नई, जानें क्या है समीकरण
17वें ओवर में जब हसरंगा अपने स्पेल का आखिरी ओवर करने आये तो उन्होंने लगातार दो गेंदों में शशांक सिंह और उमरान मलिक का विकेट लेकर अपने आईपीएल करियर का पहला 5 विकेट हॉल हासिल किया। जिसके चलते सनराइजर्स हैदराबाद की टीम महज 125 रन ही बना सकी और आरसीबी ने 67 रनों से जीत हासिल कर ली। हसरंगा ने इस मैच में 4 ओवर के स्पेल में एक ओवर मेडेन फेंका और महज 18 रन देकर 5 विकेट हासिल किये।
हसरंगा के अलावा जोश हेजलवुड ने भी 2 विकेट चटकाने का कारनामा किया तो वहीं पर हर्षल पटेल और ग्लेन मैक्सवेल के खाते में भी एक-एक विकेट आया। इस 5 विकेट हॉल के चलते वनिंदु हसरंगा आईपीएल 2022 में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गये हैं और पर्पल कैप होल्डर युजवेंद्र चहल (23 विकेट) से महज एक विकेट पीछे रह गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications