'T20 में भुवनेश्वर से बेहतर गेंदबाज है पंजाब का अनकैप्ड पेसर', संजय मांजरेकर ने की जमकर तारीफ
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो चुका है, जिसमें पंजाब किंग्स की टीम ने अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है और खेले गये पहले 5 में से 3 मैचों में जीत हासिल की है। बुधवार को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गये 23वें मुकाबले में पंजाब किंग्स की टीम ने अपने गेंदबाजों के दम पर 12 रन की रोमांचक जीत हासिल की थी, जिसकी वजह से मुंबई इंडियंस की टीम को इस सीजन लगातार 5वीं हार का सामना करना पड़ा है। पंजाब किंग्स की टीम ने शिखर धवन और मयंक अग्रवाल की दमदार बल्लेबाजी के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 198/5 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जिसका पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 186 रन ही बना सकी और 12 रन से मैच हार गई। पंजाब किंग्स के लिये युवा गेंदबाज वैभव अरोड़ा इस दौरान थोड़े महंगे साबित हुए और 10 की औसत से रन लुटाये तो वहीं पर राहुल चाहर को भी डेवाल्ड ब्रेविस ने जमकर धोया और एक ओवर में 4 छक्के और एक चौका लगाकर 29 रन बटोरे।

इस ओवर ने पंजाब के लिये बदला मैच
जहां पंजाब किंग्स के इन गेंदबाजों ने अपने स्पेल में रन लुटाये तो वहीं पर टीम के सीनियर तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने नकेल कसने का काम किया, जिसमें उनका साथ टीम के युवा पेसर अर्शदीप सिंह ने दिया और लगातार अपनी टीम को मैच में बनाये रखा। दोनों ने अपने कोटे के 8 ओवर में 7 की इकॉनमी से रन दिये तो वहीं पर अर्शदीप ने मुश्किल 18वां ओवर फेंक मैच को अपने पक्ष में ला खड़ा किया। आखिरी 18 गेंदों में मुंबई की टीम को जीत के लिये 33 रनों की दरकार थी लेकिन इस 23 वर्षीय गेंदबाज ने 18वें ओवर में सिर्फ 5 रन दिये और अपने 4 ओवर के स्पेल को 29/0 के साथ खत्म किया।

इन दो गेंदबाजों ने जिताया मैच
इस मैच के दौरान भले ही अर्शदीप सिंह के खाते में एक भी विकेट नहीं आया हो लेकिन उनकी इकॉनामिक गेंदबाजी ने खेल जगत के कई बड़े विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इसे लेकर कई पूर्व क्रिकेटर्स ने इस गेंदबाजी की जमकर तारीफ की जिसमें संजय मांजरेकर का नाम भी शामिल है।
मांजरेकर ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए कहा,'कोई भी अरशदीप सिंह की बात नहीं कर रहा है, हर कोई ओडिन स्मिथ के 4 विकेट के बारे में बात करने में बिजी है। लेकिन सच बात तो यह है कि जिन खिलाड़ियों ने इस मैच में अंतर पैदा किया है वो थे रबाडा, जिन्होंने 2 बड़े विकेट (रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव) चटकाये और अर्शदीप सिंह। रबाडा के पहले ओवर में 12 जबकि दूसरे में 9 रन गये थे, अर्शदीप सिंह ने भी गेंदबाजी में रन खाये लेकिन 18वें ओवर में सिर्फ 5 रन दिये।'

सूर्यकुमार यादव भी नहीं बना सके रन
संजय मांजरेकर ने आगे बात करते हुए कहा कि अर्शदीप सिंह पिछले कई सालों से यह करते हुए नजर आ रहे हैं और अपनी टीम के लिये उन मैचों में योगदान देते नजर आते हैं जो उनकी गिरफ्त से बाहर निकल रहे होते हैं। एक प्रमुख और सेट बल्लेबाज के होते हुए अगर आप 5 रन का ओवर देते हैं तो आप चैम्पियन हैं। सूर्या ने उस ओवर में सिंगल सिर्फ इस वजह से लिया क्योंकि वह रन नहीं बना पा रहे थे। उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की उसके लिये एक गेंदबाज को सलाम है।

भुवनेश्वर से बेहतर गेंदबाज हैं अर्शदीप सिंह
संजय मांजरेकर ने आगे बात करते हुए बड़ा दावा किया और इस युवा अनकैप्ड गेंदबाज को भारतीय टीम के सीनियर गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से तुलना करते हुए उन्हें टी20 प्रारूप में भुनेश्वर से बेहतर गेंदबाज बताया है।
उन्होंने कहा,'भारतीय टीम लगातार भुवनेश्वर कुमार को बैक कर रही है और वो काफी शानदार गेंदबाज भी साबित हुए हैं पर वो अच्छे गेंदबाज थे। आज के समय में जब आप भुवनेश्वर और अर्शदीप के बीच तुलना करते हैं तो अर्शदीप टी20 प्रारूप उनसे कई ज्यादा बेहतर नजर आते हैं। वह मौजूदा समय के टॉप 5 भारतीय गेंदबाजों में से एक हैं। वो यह सोच रहे होंगे कि भारतीय टीम में जगह बनाने के लिये और क्या चमत्कार करना होगा। क्योंकि आज एक और रात थी जब सूर्यकमार यादव जैसा बल्लेबाज उनके खिलाफ रन नहीं बना सका और सिंगल लेके रह गया। यह आप बुमराह और लसिथ मलिंगा जैसे गेंदबाजों के खिलाफ होते हुए देखते हैं।'

क्या विश्वकप टीम में जगह बना पायेंगे अर्शदीप सिंह
गौरतलब है कि इस साल ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में टी20 विश्वकप का आयोजन होना है जिसे देखते हुए यह देखना रोचक होगा कि क्या अर्शदीप सिंह भारतीय टीम में जगह बनाने में कामयाब होते हैं या नहीं। पंजाब किंग्स ने नीलामी से पहले जिन दो खिलाड़ियों को रिटेन किया था उसमें अर्शदीप सिंह भी शामिल थे। अर्शदीप सिंह ने इस सीजन खेले गये 5 मैचों में 8 की इकॉनमी से रन देकर कुल दो विकेट चटकाये हैं।












Click it and Unblock the Notifications