IPL 2022: प्लेऑफ की 3 सीट के लिये अब 8 टीमों में होगी जंग, जानें क्या हैं क्वालिफिकेशन के समीकरण
नई दिल्ली।

गुजरात की टीम को मिली इस शानदार जीत में शुबमन गिल ने नाबाद 63 रनों की पारी खेलकर अहम भूमिका निभाई तो वहीं पर गेंदबाजी में राशिद खान (4 विकेट), यश दयाल (2 विकेट) और आर साई किशोर (2 विकेट) ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दिलाने का काम किया। जहां गुजरात टाइटंस की टीम ने प्लेऑफ में क्वालिफाई कर लिया है तो वहीं पर लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम को अभी भी बचे हुए 2 मैचों में से एक में जीत की दरकार है।

लखनऊ का क्वालिफाई करना भी है तय
हालांकि लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम ने 16 अंक जरूर हासिल किये हैं, जिसके चलते उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा सकता है, लेकिन लखनऊ की टीम टॉप 2 में अपनी जगह बनाना चाहेगी। वहीं प्लेऑफ की रेस की बात करें तो अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस की टीम ही आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई है। ऐसे में बची हुई 7 टीमों के बीच अभी भी 2 स्थान के लिये प्लेऑफ की रेस बरकरार है। आइये एक नजर बची हुई टीमों के प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के समीकरण पर डालें।

क्या है राजस्थान रॉयल्स का क्वालिफिकेशन समीकरण
प्लेऑफ में क्वालिफाई करने की तीसरी सबसे बड़े दावदेार टीम राजस्थान रॉयल्स है जिसने अब तक खेले गये 11 मैचों में 14 अंक हासिल किये हैं और +0.326 के नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है। राजस्थान की टीम को अभी भी 3 मैच खेलने हैं जिसमें उसका सामना दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जाएंटस और चेन्नई सुपर किंग्स से होना है। लखनऊ के बाद नेट रन रेट के मामले में राजस्थान रॉयल्स भी काफी आगे है और ऐसे में अगर वो बचे हुए 3 मैचों में हार का सामना भी करते हैं तो उसके आधार पर क्वालिफाई करने का अच्छा मौका है।
क्वालिफिकेशन के लिये राजस्थान को बचे हुए मैचों में से 2 में जीत की दरकार है, वहीं पर अगर उसे एक ही मैच में जीत मिलती है तो उसकी किस्मत का फैसला नेट रन रेट के हाथों में रह जायेगा।

आरसीबी को चाहिये हर मैच में जीत
फाफ डुप्लेसिस की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम भी 12 मैचों में 14 अंक बटोर कर चौथे पायदान पर काबिज है, हालांकि उसका नेट रन रेट -0.115 काफी खराब है। ऐसे में क्वालिफाई करने के लिये उसे पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के खिलाफ बचे हुए दोनों मैचों में जीत हासिल करने की दरकार है। अगर वो ऐसा करती है तो वो टॉप 2 में क्वालिफाई कर सकत है, हालांकि अगर उसे सिर्फ एक ही मैच में जीत मिलती है तो नेट रन रेट के आधार पर उसके बाहर होने का मौका बढ़ जाएगा। वहीं दोनों मैचों में हार उसके बाहर होने का रास्ता तय कर देंगी।

दिल्ली, हैदराबाद, पंजाब के लिये एक ही है समीकरण
आईपीएल 2022 की अंकतालिका में दिल्ली कैपिटल्स (+0.150) की टीम 11 मैचों में 10 अंक लेकर पांचवे पायदान पर काबिज है, और उसे अभी राजस्थान, पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद (-0.031) और पंजाब किंग्स (-0.231) की टीम भी इतने मैचों में 10 अंक के साथ काबिज है। हालांकि नेट रन रेट के मामले में दिल्ली दोनों टीमों से काफी आगे है। जहां हैदराबाद को अपने बचे हुए मैचों में पंजाब किंग्स, केकेआर और मुंबई इंडियंस का सामना करना है, तो वहीं पर पंजाब किंग्स की टीम को अपने 3 में से दो मैच इन्हीं टीमों के खिलाफ खेलने हैं, तो वहीं पर आखिरी मैच आरसीबी के खिलाफ खेलना है। क्वालिफिकेशन के लिये इन टीमों को अपने सभी मैचों में जीत हासिल करनी होगी, जिसके बाद भी नेट रन रेट खेल में आ सकता है। ऐसे में वो चाहेंगे कि आरसीबी और राजस्थान की टीम को अपने बचे हुए सभी मैचों में हार मिले ताकि नेट रन रेट के आधार पर वो क्वालिफाई कर सके।

केकेआर और सीएसके को चाहिये किस्मत का सहारा
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के लिये प्लेऑफ में पहुंचना काफी मुश्किल है, हालांकि गणीतीय समीकरण के चलते वो अभी भी प्लेऑफ में क्वालिफाई कर सकती हैं। केकेआर (-0.057) की टीम ने अब तक खेले गये 12 मैचों में से 5 में जीत हासिल कर 10 अंक बटोरे हैं और बचे हुए 2 में जीत हासिल कर वो 14 अंक तक पहुंच सकती है। वहीं सीएसके (+0.028) की टीम ने 11 मैचों में 8 अंक हासिल किये हैं और बचे हुए मैचों में जीत हासिल कर वो भी 14 अंक तक पहुंच सकती है। दोनों टीमों के क्वालिफिकेशन सभी मैचों में जीत के साथ किस्मत का सहारा भी चाहिये, जिसके हिसाब से बाकी की 6 टीमें 14 अंक से आगे न जा सकें और नेट रन रेट में उनका पलड़ा भारी हो। ऐसे में एक भी हार दोनों टीमों के आगे बढ़ने का रास्ता बंद कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications