'अब खुद की काबिलियत पर शक कर रहे हैं कोहली', पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने बताया फॉर्म में वापस आने का तरीका
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली की खराब बल्लेबाजी का दौर एक बार फिर से जारी रहा है। विराट कोहली इस सीजन में खेली गई 12 पारियों में 111.34 की स्ट्राइक रेट और 19.64 की औसत से महज 216 रन ही बना सके हैं जबकि 7 पारियों में पहली 10 गेंद के अंदर अपना विकेट गंवाया है। विराट कोहली ने इस सीजन सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है जो कि आईपीएल में 16 पारियों के बाद आया है तो वहीं पर 3 बार गोल्डन डक पर भी आउट होकर लौटे हैं।

विराट कोहली पिछले 14 सीजन में सिर्फ 3 बार गोल्डन डक का शिकार हुए थे लेकिन अकेले इस सीजन में वो अब तक 3 बार पहली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा चुके हैं। आईपीएल में विराट कोहली की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उन्हें ब्रेक देने की मांग और तेज हो गई है। हालांकि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ इस बात से सहमत नहीं हैं।

कोहली को नीचे करनी चाहिये बैटिंग
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ का मानना है कि कोहली को न तो टीम से बाहर करना चाहिये और न ही उन्हें ब्रेक देना चाहिये, बल्कि उन्हें ब्रेक लेने के बजाय अपनी बैटिंग स्ट्रैटेजी पर ध्यान देना चाहिये। कॉट बिहाइंड नाम के यूट्यूब शो में बात करते हुए राशिद ने कहा कि विराट कोहली की धीमी बल्लेबाजी उनके खराब फॉर्म की वजह बनी हुई है और उन्हें अपनी खोई हुई लय हासिल करने के लिये लयबद्ध होकर खेलना होगा। राशिद ने आगे बात करते हुए कहा कि विराट कोहली आरसीबी के लिये बतौर ओपनर भी फेल हो रहे हैं, ऐसे में टीम मैनेजमेंट को उन्हें चौथे नंबर से नीचे बल्लेबाजी के लिये भेजना चाहिये।

अपनी काबिलियत पर शक कर रहे हैं कोहली
उन्होंने कहा,'मैंने पहले भी ये बात कही है कि उन्हें या तो बल्लेबाजी में ऊपर आना चाहिये या फिर नीचे आकर खेलना चाहिये। क्योंकि पारी का आगाज करना उनके लिये काम नहीं आ रहा है तो शायद उन्हें अब बल्लेबाजी क्रम में नीचे आकर खेलना चाहिये। वो अब अपनी खुद की काबिलियत पर शक कर रहे हैं। वह जिस तरह से अभी खेल रहे हैं यह उनके खेलने का तरीका नहीं है। यह काम नहीं करेगा। उन्हें तेजी से रन बनाने की जरूरत है। अगर वो अपनी लय को दोबारा ढूंढने में कामयाब हो जाते हैं तो वो इससे बाहर आ सकते हैं।'

आखिरी बार 2010 में निचले क्रम पर की थी बल्लेबाजी
गौरतलब है कि विराट कोहली आईपीएल में नंबर 4 से नीचे 25 बार खेल चुके हैं और आखिरी बार 2010 में वो इससे नीचे खेलते हुए नजर आये थे। जहां पर उन्होंने 128.1 की स्ट्राइक रेट से 461 रन बनाये थे। आरसीबी के लिये इस सीजन 2 मैच अभी भी बाकी हैं और वो फिलहाल 12 मैचों में 7 जीत के साथ चौथे पायदान पर काबिज हैं। प्लेऑफ में पहुंचने से पहले आरसीबी के लिये विराट कोहली का फॉर्म में वापस आना बहुत जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications