IPL 2022: पंजाब 151 रनों पर सिमटा, भुवनेश्वर, मलिक ने कसी हुई गेंदबाजी से बल्लेबाजों को बांधा
नई दिल्ली, 17 अप्रैल: आईपीएल 2022 के 28वें मैच में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला मुंबई के डॉक्टर डी वाई पाटिल स्पोर्ट्स अकैडमी स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और पंजाब किंग्स की टीम ने इसके जवाब में 20 ओवर में 151 रनों पर ही ढेर हो गई। भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि भारत के सबसे तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने 4 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट लिए।

अपने नियमित कप्तान मयंक अग्रवाल की गैर हाजिरी में खेल रही पंजाब किंग्स की टीम की कमान इस बार शिखर धवन के हाथों में थी लेकिन यह स्टैंड इन कप्तान भी बतौर बल्लेबाज अपनी भूमिका को अंजाम देने में नाकामयाब साबित हुआ क्योंकि वह 8 रनों के स्कोर पर ही चलते बने। मयंक अग्रवाल के पैरों की उंगलियों में चोट लगी है जिसके चलते धवन स्टैंडिंग कैप्टन थे और उनको भुवनेश्वर कुमार ने चलता किया।

इसके बाद दूसरी ओपनिंग जोड़ीदार प्रभ्सिमरन सिंह भी 14 रन बनाकर आउट हुए और उनको टी नटराजन ने आउट किया। पंजाब किंग्स को असली झटका जॉनी बेयरस्टो के आउट होने के बाद लगा जो केवल 12 रन बनाकर चलते बने। इसके बाद होनहार विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा भी 11 रन बना पाए और 8 ओवर में पंजाब किंग की टीम 61 रन पर ही अपने 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी।
इसके बाद लियाम लिविंगस्टोन और शाहरुख खान ने एक अच्छी साझेदारी की जिसमें लिविंगस्टोन ने बहुत ही विध्वंसक फॉर्म दिखाना जारी रखा। हालांकि शाहरुख खान इस पारी में बहुत तेज बल्लेबाजी नहीं कर सके और उन्होंने 28 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया लेकिन इसके बाद लिविंगस्टोन ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और पंजाब किंग्स की टीम का स्कोर डेढ़ सौ के पार पहुंचा दिया। यह खिलाड़ी 19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर आउट हुआ और उन्होंने आउट होने से पहले 5 चौके और 4 छक्कों की बदौलत 33 गेंदों पर 60 रनों की पारी खेली।
इस मुकाबले में उमरान मलिक द्वारा फेंके गए 20वें ओवर में पंजाब किंग्स के 4 बल्लेबाज आउट हुए।












Click it and Unblock the Notifications