'मेरी वजह से हारी मुंबई', लगातार छठी हार के बाद क्यों रोहित ने कही ये बात
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 26वां मैच शनिवार को मुंबई के ब्रॉबोर्न स्टेडियम में खेला गया, जहां पर मुंबई इंडियंस की टीम को लगातार छठे मैच में हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई की टीम का सामना लखनऊ सुपर जाएंटस से हुआ, जिसने इस मैच में 18 रनों से जीत हासिल कर प्वाइंटस टेबल में दूसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया है। लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम के लिये यह 6 मैचों में चौथी जीत है, जबकि मुंबई इंडियंस की टीम को इस सीजन खेले गये 6 मैचों में मिलने वाली लगातार छठी हार है।

ब्रॉबोर्न के मैदान पर खेले गये इस मैच में लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसमें कप्तान केएल राहुल ने महज 60 गेंदों में नाबाद 103 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं रनों का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर से जीत हासिल करने में नाकाफी साबित हुई और एक बार फिर से जीत का खाता खोलने में नाकाम रही।
और पढ़ें: 5 कारण जिसके चलते IPL 2022 में खिताब जीत सकती है लखनऊ सुपर जाएंटस

पहली बार लगातार 6 मैचों में हारी है मुंबई
उल्लेखनीय है कि आईपीएल के इतिहास में यह पहली बार है जब मुंबई इंडियंस की टीम को लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले मुंबई इंडियंस की टीम के लिये एक सीजन में लगातार मैचों में हार की संख्या 5 थी जिसमें उसने वापसी करते हुए प्लेऑफ में क्वालिफाई किया था, हालांकि इस हार के बाद उसका प्लेऑफ में पहुंच पाना नामुमकिन नजर आ रहा है।

6 मैच में हार का मतलब निचला पायदान पक्का
आईपीएल के इतिहास में लगातार 6 मैचों में हार का सामना करने वाली टीमों की बात करें तो मुंबई तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले दिल्ली (डेयरडेविल्स) की टीम को साल 2013 में लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा था तो वहीं पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने 2019 में यह शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया था। खास बात यह है कि आईपीएल के इतिहास जब भी किसी टीम को लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा उसने अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर खत्म किया है।

हार के बाद जानें क्या बोले कप्तान रोहित शर्मा
कप्तान रोहित शर्मा ने हार के बाद मैच पर बात करते हुए कहा,'किसी एक परिस्थिति पर उंगली उठाना मुश्किल है, जब आप इतने बड़े स्कोर का पीछा करते हैं तो आपको साझेदारी की दरकार होती है जिसे हम करने में नाकाम रहे। इसके पीछे कोई खास वजह नहीं है, हम खुद से पहले टीम को रखने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में काफी गहराई है। ऐसे मौकों पर जरूरी होता है कि आप अपने मुख्य गेंदबाजों को आखिर तक रखें। हम बुमराह को हमेशा आखिर तक रोकने की कोशिश करते हैं लेकिन यह पिछले कुछ समय से हमारे लिये काम नहीं कर रहा है। उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की।'

हर मैच हमारे लिये एक मौका
रोहित ने आगे बात करते हुए कहा कि हर मैच जो हम खेलते हैं वो हमारे लिये एक मौका है सोचने का कि हमारे लिये बेस्ट प्लेइंग 11 क्या है जो इन परिस्थितियों में कामयाब बना सकती है। हम 6 मैच हार गये हैं और अब भी समझने की कोशिश कर रहे हैं कि सही कॉम्बिनेशन क्या है, लेकिन यह आपकी विपक्षी टीम पर भी निर्भर करता है कि वो कैसा खेले हैं। जब आप लगातार मैच हारते हैं तो उंगली उठाना बेहद आसान होता है। केएल राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की जो हमारी टीम से गायब नजर आ रही है। हमारे टॉप 4 में से किसी एक को वैसी पारी खेलनी चाहिये थी, मैं इसमें ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहूंगा, हम अभी एक भी मैच नहीं जीते हैं लेकिन हमने जैसा प्रदर्शन किया है वो हमारे लिये कई सारी सकारात्मक चीजें लेकर आया है।

हार के लिये मैं खुद को मानता हूं जिम्मेदार
रोहित शर्मा ने लगातार मैचों में हार की जिम्मेदारी लेने पर बात करते हुए कहा कि मैं खुद को वैसे ही तैयार करने की कोशिश कर रहा हूं जैसा कि हर मैच में करता हूं। इसमें कोई बदलाव नहीं किया है, हालांकि वैसी पारी निकल नहीं पा रही है। मै इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं, कि टीम मेरी वजह से उस परिस्थिति में पहुंची, मैं वो नहीं कर पाया जिसकी वो मुझसे उम्मीद करते हैं। यह जरूरी है कि हम आगे की तरफ देखें क्योंकि यह हमारे लिये दुनिया का अंत नहीं है। हम आगे आने वाले मैचों में वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications