मुकेश चौधरी की जबरदस्त स्विंग ने ऐसे उड़ा दिया ईशान किशन का डंडा- VIDEO
नई दिल्ली, 22 अप्रैल: चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2022 का 33वां मुकाबला काफी खास साबित हुआ क्योंकि यहां पर महेंद्र सिंह धोनी अपने पुराने अवतार में नजर आए और उन्होंने सीएसके के जीत दिलाते हुए 13 गेंदों पर 28 रनों की नाबाद पारी खेल दी। चेन्नई को अंतिम चार गेंदों पर 16 रन चाहिए थे जो उनको धोनी ने दिलाए। यह आखिरी ओवर जयदेव उनादकट डाल रहे थे। जाहिर है यह बॉलर मैच के बाद विलेन साबित हुआ लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स का एक बॉलर मैच का हीरो बन गया।

ये गेंदबाज थे मुकेश चौधरी जिन्होंने 3 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। मुकेश चौधरी ने रोहित शर्मा और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को जीरो पर आउट कर दिया। इतना ही नहीं, डेवाल्ड ब्रेविस को 4 रनों पर आउट कर दिया गया।
ये तीनों बल्लेबाज काफी ऊंचे दर्जे के हैं। रोहित दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शामिल हैं। ईशान किशन आईपीएल 2022 में सबसे महंगे खिलाड़ी थे। वे इस सीजन के शुरुआती कुछ मुकाबलों में बेहतर करने के बाद फ्लॉप शो चला रहे हैं।

इस मुकाबले में जडेजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मुकेश चौधरी के झटके के बाद मुंबई की टीम ने संभलने की बहुत कोशिश की। सूर्यकुमार कुमार यादव और तिलक वर्मा ने एक साझेदारी करने की कोशिश की लेकिन सूर्यकुमार यादव भी बहुत ही जल्द आउट हो गए जब वे मुकेश चौधरी के हाथों लपके गए। सूर्यकुमार यादव ने आउट होने से पहले 21 गेंदों में 32 रन का योगदान दिया था। इस मैच में खेल रहे रितिक शौकीन ने 25 गेंदों में 25 रन बनाए और वे ब्रावो की गेंद पर आउट हुए। जबकि तिलक वर्मा 40 गेंद पर 51 रन बनाकर नाबाद रहे।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 7 में से 2 मुकाबले जीत चुकी है। अभी भी यह टीम प्लेऑफ की रेस में बहुत आगे जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications