'नई गेंद से वो दुनिया का सबसे खतरनाक बॉलर है', कैफ ने बुमराह नहीं इस भारतीय का लिया नाम
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में पहली बार डेब्यू कर रही गुजरात टाइटंस की टीम ने बेहद शानदार शुरुआत करते हुए फैन्स के बीच अलग जगह बना ली है। गुजरात टाइटंस इस सीजन पहली ऐसी टीम है जिसने अपने दोनों ओपनिंग मैचों में जीत हासिल की है और तीसरे मैच में पंजाब किंग्स का सामना ब्राबोर्न स्टेडियम पर करेगी। गुजरात टाइटंस की टीम ने पहले दोनों मैचों में न सिर्फ अच्छी गेंदबाजी की है बल्कि अच्छी बेहतरीन बल्लेबाजी भी करके दिखाई है। गुजरात टाइटंस इस सीजन खेले गये 15 मैचों में इकलौती ऐसी टीम है जो कि अजेय बनी हुई है।

गुजरात टाइटंस की टीम के अजेय रहने के पीछे का सबसे बड़ा कारण उसकी गेंदबाजी है जिसमें हार्दिक पांड्या के साथ राशिद खान और मोहम्मद शमी जैसे गेंदबाज शामिल हैं। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बैटर मोहम्मद कैफ ने नई गेंद से दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज के नाम का खुलासा किया है।
और पढ़ें: DC vs LSG: अंपायर ने क्यों बीच ओवर में नॉर्खिया को गेंदबाजी से रोका, लगा दिया बॉलिंग से बैन

नई गेंद से सबसे खतरनाक बॉलर हैं शमी
मोहम्मद कैफ ने बड़ा दावा करते हुए गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज और भारतीय बॉलर मोहम्मद शमी को नई गेंद से दुनिया का सबसे खतरनाक गेंदबाज बताया है। कैफ ने मोहम्मद शमी की तारीफ करते हुए बताया कि वो नई गेंद से इतने ज्यादा क्यों प्रभावी होते हैं।
स्पोर्टसकीड़ा से बात करते हुए कैफ ने कहा,'युवा खिलाड़ियों को मोहम्मद शमी से सीखना चाहिये, अगर वो संक्षेप में देखें तो समझ आयेगा कि वो टेस्ट, वनडे और टी20 प्रारूप के चलते बदलते नहीं है, उनकी गेंदबाजी हर प्रारूप में उतनी ही प्रभावी नजर आती है। उनकी सीम पोजिशन बेहद शानदार है और कलाई गेंद के पीछे रहती है, जो कि गेंद को सही जगह गिरने पर मजबूर करती है।'

क्यों इतने खतरनाक हैं मोहम्मद शमी
उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शमी ने इस सीजन खेले गये दो मैचों में पावरप्ले के दौरान 6 ओवर गेंदबाजी की है और 12.31 की स्ट्राइक रेट से 3 विकेट हासिल किये हैं। वहीं साल 2019 के बाद से मोहम्मद शमी ने पावरप्ले में 6.97 की इकॉनमी से 17 विकेट अपने नाम किये हैं।
कैफ ने आगे बात करते हुए कहा,'जब उनकी गेंद सीम पर गिरती है तो वो हिलती नजर आती है और यही मोहम्मद शमी की ताकत है। नई गेंद से दुनिया में उनसे ज्यादा खतरनाक गेंदबाज नहीं है और आप मुझसे यह बात लिखित में ले सकते हैं।'

गुजरात टाइटंस ने गेंदबाजों पर लगाया दांव
कैफ ने इस दौरान गुजरात टाइटंस की विचारधारा की तारीफ की है जिसने विस्फोटक बल्लेबाजों पर दांव लगाने के बजाय एक मजबूत गेंदबाजी लाइनअप को प्लेइंग 11 में रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा,'गुजरात टाइटंस की टीम की ताकत उसकी गेंदबाजी है, मुंबई इंडियंस को अब समझ आ रहा होगा कि एक मजबूत तेज गेंदबाजी अटैक होना कितना जरूरी होता है। लॉकी फर्ग्यूसन को पिछले मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था तो वहीं पर मोहम्मद शमी को पहले मैच में पहला अवॉर्ड मिला था। दोनों मैचों में गुजरात टाइटंस को उसके गेंदबाजों ने ही जीत दिलाने का काम किया था। यह दर्शाता है कि जब आपके पास विकेट टेकिंग गेंदबाज हों तो वो कभी भी मैच को बदल सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications