IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में क्यों नहीं उतरे मिचेल स्टार्क, अब खुद किया कारण का खुलासा

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन 12-13 फरवरी को बेंगलुरु में किया जाना है, जिसमें 1200 से ज्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। आईपीएल में हिस्सा लेने के लिये दुनिया भर के खिलाड़ी हर बार अपना नाम रजिस्टर कराते हैं, जिसमें से कुछ खिलाड़ियों को ही इसका हिस्सा बनने का मौका मिलता है। रजिस्ट्रेशन के दौरान ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भी आईपीएल में वापसी करने की इच्छा जताई था लेकिन जब रजिस्ट्रेशन की डेडलाइन पूरी हो गई तो इस खिलाड़ी ने अपना नाम पंजीकृत नहीं कराया था।
और पढ़ें: जानें क्यों IPL 2022 से पहले KKR ने शुबमन गिल को किया रिलीज, हेड कोच मैकलम ने किया खुलासा
ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वापसी की इच्छा जताने के बावजूद यह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज नीलामी की प्रक्रिया का हिस्सा क्यों नहीं बना। उल्लेखनीय है कि मिचेल स्टार्क 2015 के बाद से इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा नहीं बने हैं और आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी का हिस्सा बनने की इच्छा जताने के बावजूद उन्होंने मेगा ऑक्शन से बाहर रहने का फैसला किया है।

बटन क्लिक करने से बस एक बटन दूर था
अब इतने समय बाद खुद मिचेल स्टार्क ने आईपीएल की नीलामी में न उतरने के फैसले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने आखिरी समय पर बाहर रहने का फैसला क्यों किया। मिचेल स्टार्क ने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया के आने वाले बड़े अंतर्राष्ट्रीय असाइनमेंट के लिये तैयार रहना चाहते हैं और उस वक्त के लिये अपनी बॉडी को बायोबबल से दूर रहकर तरोताजा रखना चाहते हैं।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए उन्होंने कहा,'मैंने आईपीएल ऑक्शन के रजिस्ट्रेशन को लेकर अपनी सारी जानकारी भर दी थी और फॉर्म सब्मिट करने से बस एक क्लिक की दूरी पर था, लेकिन तभी मुझे अहसास हुआ कि मैं अपने 22 हफ्ते बायोबबल में नहीं बिताना चाहता था। ऑस्ट्रेलिया के लिये आगामी मैचों के लिये मुझे खुद को और अपने शरीर को तरोताजा रखने की जरूरत है, इसे सोचकर ही मैंंने नहीं उतरने का फैसला किया।'

इस वजह से आईपीएल में नहीं लिया हिस्सा
मिचेल स्टार्क ने साल 2014 और 2015 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से आईपीएल में हिस्सा लिया था। स्टार्क ने कहा कि वो आईपीएल में वापसी करना चाहते थे लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए वह परिवार के साथ भी ज्यादा समय बिताना चाहते थे।
उन्होंने कहा,'एक वक्त आयेगा जब मैं आईपीएल में वापसी कर खेलना चाहूंगा लेकिन सच यह है कि मैं जितना आईपीएल खेलना चाहता हूं उतना ही अपने देश के लिये अलग-अलग प्रारूपों में भी। अगर मैं दोनों में खेलने के लिये जाता हूं तो अपने परिवार को वो समय नहीं दे पाउंगा और अपनी पत्नी और परिवार से 8 हफ्ते दूर बायोबबल में रहूंगा। मुझे किसी एक को तवज्जो देना था इसी वजह से मैंने यह फैसला लिया।'

लंबे समय तक मिचेल स्टार्क को बायोबबल में है रहना
गौरतलब है कि आईपीएल में अपने 2 साल के कार्यकाल के दौरान मिचेल स्टार्क ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से 27 मैचों में 7.16 की इकॉनमी रेट और 17 की स्ट्राइक रेट से 34 विकेट हासिल किये। आपको बता दें कि मिचेल स्टार्क हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की एशेज टीम का हिस्सा बने थे और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज का हिस्सा हैं, जिसके बाद उन्हें 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिये श्रीलंका जाना है। श्रीलंका दौरे के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम को पाकिस्तान का दौरा करना है, जहां पर टीम को 3 मैचों की टेस्ट सीरीज, 3 मैचों की वनडे और एक मैचों की टी20 सीरीज खेलने के लिये जाना है।












Click it and Unblock the Notifications